
जयपुर, 12 जून, 2026: रक्तदान एक ऐसा कार्य है जो सबसे आसान, सुरक्षित और निःस्वार्थ सेवाओं में से एक माना जाता है। रक्त को तीन प्रमुख घटकों—रेड सेल्स, प्लाज्मा और प्लेटलेट्स—में विभाजित किया जा सकता है। एक यूनिट रक्तदान से आप दुर्घटना पीड़ितों, कैंसर मरीजों, सर्जरी कराने वाले रोगियों और गंभीर अवस्था में नवजात शिशुओं की मदद कर सकते हैं।
इसके बावजूद, रक्त की निरंतर आवश्यकता के बीच कई योग्य लोग भय, गलत जानकारी, भ्रांतियों और जागरूकता की कमी के कारण रक्तदान से हिचकिचाते हैं।
फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल, जयपुर के ब्लड सेंटर एवं ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के प्रमुख, डॉ. हिमांशु शर्मा ने रक्तदान से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं—कौन रक्तदान कर सकता है, मिथक, सुरक्षा उपाय और नियमित रक्तदान के जीवन रक्षक प्रभाव—पर प्रकाश डाला।
कौन कर सकता है रक्तदान?
रक्त बैंक दाता और प्राप्तकर्ता दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त दिशा-निर्देशों का पालन करते हैं। भारत में रक्तदान के लिए पात्रता इस प्रकार है:
* आयु: 18 से 65 वर्ष के बीच
* लिंग: पुरुष एवं महिला दोनों
* वजन: न्यूनतम 45 किलोग्राम (कुछ केंद्रों में 50 किलोग्राम आवश्यक)
* हीमोग्लोबिन: ≥ 12.5 g/dL
* सामान्य स्वास्थ्य: किसी भी संक्रामक बीमारी, बुखार या संक्रमण से मुक्त होना चाहिए
* वाइटल साइन: सामान्य नाड़ी दर, रक्तचाप और शरीर का तापमान
कितनी बार रक्तदान किया जा सकता है?
* पुरुष: हर 3 महीने (90 दिन)
* महिला: हर 4 महीने (120 दिन)
सामान्य मिथक और उनके तथ्य:
मिथक #1: मैं दवा ले रहा/रही हूं।
अधिकांश सामान्य दवाएं (ओवर-द-काउंटर) रक्तदान में बाधा नहीं बनतीं। नियंत्रित ब्लड प्रेशर, डायबिटीज (ओरल दवाओं के साथ), हाई कोलेस्ट्रॉल या गर्भनिरोधक दवाएं लेने वाले लोग रक्तदान कर सकते हैं। हालांकि, ब्लड थिनर, कीमोथेरेपी या सक्रिय संक्रमण के लिए एंटीबायोटिक लेने वालों को कुछ समय इंतजार करना पड़ सकता है।
मिथक #2: मेरे शरीर पर टैटू है।
यदि टैटू लाइसेंस प्राप्त और स्वच्छता मानकों वाले केंद्र में, स्टरलाइज्ड सुई और नई स्याही से बनवाया गया है, तो आप रक्तदान कर सकते हैं। आमतौर पर 3 से 6 महीने का प्रतीक्षा समय होता है।
मिथक #3: मैं बहुत दुबला/पतला हूं।
शरीर का प्रकार मायने नहीं रखता, यदि आपका स्वास्थ्य अच्छा है और वजन कम से कम 45 किलोग्राम है, तो आप रक्तदान कर सकते हैं।
मिथक #4: रक्तदान करने से कमजोरी आती है।
यह एक आम भ्रांति है। शरीर कुछ ही दिनों में दान किया गया रक्त पुनः बना लेता है। इससे ताकत या इम्यूनिटी पर कोई दीर्घकालिक प्रभाव नहीं पड़ता। कुछ मामलों में हल्का चक्कर आ सकता है, जो सामान्य है। पर्याप्त पानी पीना और हल्का भोजन करना इससे बचाव करता है।
मिथक #5: महिलाओं को रक्तदान नहीं करना चाहिए।
पुरुष और महिलाएं दोनों रक्तदान कर सकते हैं और करना चाहिए। महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान रक्तदान से बचने और हर 4 महीने के अंतराल का पालन करने की सलाह दी जाती है।
मिथक #6: मुझे COVID-19 हुआ था, इसलिए मैं रक्तदान नहीं कर सकता/सकती।
यदि आप COVID-19 से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं और आवश्यक रिकवरी अवधि पूरी कर चुके हैं, तो आप सुरक्षित रूप से रक्तदान कर सकते हैं।




