
भारत के सबसे बड़े काजू महोत्सव 2026 की मेजबानी करेगा जयपुर
दिव्य राष्ट्र, जयपुर, 07 अगस्त 2026: ऑल इंडिया काजू एसोसिएशन (एआईसीए) और नट्स एंड ड्राई फ्रूट्स काउंसिल ऑफ इंडिया (एनडीएफसीआई) के संयुक्त तत्वधान में 9 अगस्त, 2026 को जयपुर में काजू महोत्सव 2026 का आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन जयपुर के सीतापुरा स्थित नोवोटेल कन्वेंशन सेंटर में सुबह 10:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक होगा। एआईसीए काजू कन्वेंशन 2026 के साथ होने वाला इस महोत्सव में काजू के स्वाद, उसके अलग-अलग इस्तेमाल और उसकी खासियत को नए अंदाज में लोगों के सामने पेश किया जायेगा। कार्यक्रम में 13 जाने-माने शेफ काजू से बनी खास रेसिपीज़ तैयार करेंगे। वहीं, इनोवेशन जोन में काजू से जुड़े नए प्रोडक्ट्स और नए आइडियाज़ भी देखने को मिलेंगे। एक्सपीरियंस जोन में काजू की खेती से लेकर उसके पोषण और सेहत से जुड़े फायदों तक की जानकारी दी जाएगी। यहाँ स्वाद, नई सोच, संस्कृति और मनोरंजन का शानदार संगम देखने को मिलेगा।
महोत्सव में आने वाले लोग स्पिन द व्हील, गेस द काजू वेट, रिंग द काजू चैलेंज, इंटरैक्टिव गेम्स और आकर्षक इनामों जैसी कई मजेदार गतिविधियों का आनंद भी ले सकेंगे। पूरे दिन पारंपरिक राजस्थानी स्वागत, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों, ढोल-नगाड़ों की गूंज और सांस्कृतिक कार्यक्रम महोत्सव की रौनक बढ़ाएँगे। मेहमान यहां प्रीमियम काजू के साथ-साथ काजू आइसक्रीम, कुकीज, शीरा, मफिन, काजू कतली और काजू से बने कई नए और स्वादिष्ट प्रोडक्ट्स का स्वाद भी ले सकेंगे। इस आयोजन के आधिकारिक कॉफी और आइसक्रीम पार्टनर कॉफी सूत्र और मॉली मू हैं। महोत्सव में 50 से ज्यादा फूड इन्फ्लुएंसर्स और ब्लॉगर्स, नामी शेफ, हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री से जुड़े प्रोफेशनल्स, क्यूलिनेरी स्टूडेंट्स, फूड आंत्रप्रेन्योर, मीडिया प्रतिनिधियों और देशभर से हजारों फूड लवर्स के शामिल होने की उम्मीद है। महोत्सव में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। आयोजकों ने सभी लोगों को काजू की इस खास दुनिया का हिस्सा बनने और स्वाद, नई जानकारी, इनोवेशन और जश्न से भरे इस दिन का आनंद लेने के लिए आमंत्रित किया है।






