मुंबई दिव्यराष्ट्र/ यूनिवर्सिटी ऑफ साउथैम्प्टन दिल्ली ने अपने छात्रवृत्ति कार्यक्रम का विस्तार करते हुए शैक्षणिक उत्कृष्टता और आर्थिक रूप से जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए कई नई छात्रवृत्तियों की घोषणा की है। विश्वविद्यालय का अनुमान है कि प्रत्येक तीन में से एक छात्र इन छात्रवृत्तियों और वित्तीय सहायता योजनाओं का लाभ उठा सकेगा। विश्वविद्यालय स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर एक-एक दिल्ली प्रेसिडेंशियल स्कॉलरशिप प्रदान करेगा, जिसके तहत पूरे पाठ्यक्रम की अवधि के लिए 100 प्रतिशत ट्यूशन फीस माफ की जाएगी। इसके अलावा, 30 तक फ्यूचर टैलेंट स्कॉलरशिप, 15 मेरिट स्कॉलर अवॉर्ड्स, चार चेंजमेकर स्कॉलरशिप और चार साइंस इम्पैक्ट स्कॉलरशिप भी प्रदान की जाएंगी। कैम्ब्रिज इंटरनेशनल ए-लेवल के विद्यार्थियों के लिए दो कैम्ब्रिज स्कॉलरशिप अवॉर्ड्स उपलब्ध होंगे। वहीं, एल.ई.के. कंसल्टिंग के साथ साझेदारी के तहत फाइनेंस, डेटा साइंस और इकोनॉमिक्स के एमएससी कार्यक्रमों के लिए 12 तक स्नातकोत्तर मेरिट छात्रवृत्तियां भी दी जाएंगी। इसके अतिरिक्त, पात्र स्नातक छात्रों को फ्यूचर टैलेंट बर्सरी के माध्यम से 50 प्रतिशत तक ट्यूशन फीस सहायता प्रदान की जाएगी। सभी छात्रवृत्तियां ट्यूशन फीस में छूट के रूप में दी जाएंगी। यूनिवर्सिटी ऑफ साउथैम्प्टन दिल्ली की अकादमिक प्रोवोस्ट प्रोफेसर एलोइज़ फिलिप्स ने कहा कि विश्वविद्यालय भारत के युवाओं की प्रतिभा और महत्वाकांक्षा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन छात्रवृत्तियों का उद्देश्य छात्रों को वैश्विक स्तर की शिक्षा तक पहुंच प्रदान करना और उन्हें भविष्य का नेतृत्व करने के लिए तैयार करना है। छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से पहले छात्रों को विश्वविद्यालय के किसी कार्यक्रम में प्रवेश लेना होगा। इसके बाद निर्धारित मूल्यांकन प्रक्रिया के आधार पर चयन किया जाएगा।





