
गुलकी जोशी, यादें, सोनी सब
मुंबई, दिव्यराष्ट्र:/ सोनी सब का यादें अपने अनोखे मिश्रण हास्य, रोज़मर्रा के रिश्ते और दिलचस्प मेडिकल रहस्यों से दर्शकों का मनोरंजन करता आ रहा है। जैसे ही डॉ. सृष्टि (गुलकी जोशी) और डिग्गी (अर्जुन पुंज) अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने की तैयारी करते हैं और उनकी शादी करीब आती है, डॉ. सृष्टि को खूबसूरत पारंपरिक महाराष्ट्रीयन लुक में देखा जाएगा, जो समारोहों में एक खास रंग भरता है।
आने वाले ट्रैक में गुलकी पारंपरिक महाराष्ट्रीयन अवतार में नज़र आएँगी साड़ी, गहनों, हरी चूड़ियों और नथ के साथ। यह बदलाव जहाँ सेट पर उत्सव का माहौल लेकर आया, वहीं ऑफ-स्क्रीन गुलकी के लिए यह बेहद भावनात्मक पल बन गया। अपने लुक को लेकर उत्साहित गुलकी ने अपनी माँ को पारंपरिक महाराष्ट्रीयन दुल्हन के रूप में अपनी तस्वीर भेजी। जब उनकी माँ ने उन्हें दुल्हन के रूप में देखा, तो वह भावुक हो गईं और कहा कि गुलकी को इस पारंपरिक रूप में देखना बिल्कुल वैसा ही था, जैसा उन्होंने अपनी बेटी को शादी के दिन देखने की कल्पना की थी। माँ की दिल से निकली प्रतिक्रिया ने इस किरदार के लुक को गुलकी के लिए एक निजी और खास पल बना दिया, जिससे यह अनुभव और भी यादगार बन गया।
इस पल के बारे में बात करते हुए, गुलकी जोशी ने साझा किया, “जैसे ही मेरी माँ ने मुझे महाराष्ट्रीयन दुल्हन के लुक में देखा, वे बहुत भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, ‘मैं तुम्हें शादी के दिन ऐसे ही देखना चाहती हूँ’ और यह बात सचमुच मुझे छू गई। एक कलाकार के तौर पर मैंने अपने किरदारों के लिए कई अलग-अलग लुक्स अपनाए हैं, लेकिन यह लुक मेरे लिए बहुत निजी था, क्योंकि इसने अचानक मुझे मेरी माँ की नज़रों से खुद को देखने का एहसास कराया। यह एक खूबसूरत और भावनात्मक पल था, जिससे मैं इस ट्रैक से हमेशा याद रखूँगी। मुझे लगता है कि हर बेटी के जीवन में ऐसा एक पल आता है, जब उसकी माँ उसे देखती है और अचानक महसूस करती है कि वह बड़ी हो गई है और मेरे लिए यह वही पल था।”
सोनी सब पर यादें देखिए, सोमवार से शनिवार रात 8 बजे।






