
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ वैशाली नगर के गोम डिफेंस कॉलोनी में गणेश चतुर्थी का भव्य उत्सव श्रद्धा व उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर भगवान गणेश का आकर्षक फूलों से मनमोहक श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय एवं मनोहारी नजर आया। भगवान गणेश को लड्डुओं का भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम के दौरान बजरंग जी द्वारा मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी गई, जिससे श्रद्धालु भक्ति में भाव-विभोर हो गए। भजनों के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा व उल्लास का माहौल बना रहा। उत्सव में आसपास की कॉलोनियों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान गणेश के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर गोम डिफेंस कॉलोनी मंदिर विकास समिति की ओर से उपस्थित गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया गया। समिति के सदस्यों एवं आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।





