
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र/ फिलीपींस में मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर रहे भारतीय छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण राहतभरी खबर सामने आई है। फिलीपींस के प्रोफेशनल रेगुलेशन कमीशन ने पुष्टि की है कि भारतीय मेडिकल ग्रेजुएट्स अब वहां की फिजिशियन लाइसेंसिंग एग्जामिनेशन (पीएलई) में शामिल हो सकेंगे। यह कदम भारत और फिलीपींस के बीच मेडिकल लाइसेंस की पारस्परिक मान्यता की दिशा में एक बड़ी प्रगति माना जा रहा है।
फिलीपींस में भारत के राजदूत हर्ष कुमार जैन ने इस निर्णय की पुष्टि करते हुए बताया कि यह राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) की उन महत्वपूर्ण शर्तों में से एक को पूरा करता है, जो फिलीपींस से मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने वाले भारतीय छात्रों की भारतीय मेडिकल व्यवस्था में पात्रता से जुड़ी हैं।
राजदूत जैन के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिलीपींस यात्रा से पहले हुई चर्चाओं के दौरान इस विषय पर महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने इसे दोनों देशों के बीच पेशेवर सहयोग और जन-से-जन संपर्क को मजबूत करने वाला कदम बताया।
इस विकास पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रांसवर्ल्ड एजुकेयर के निदेशक और किंग्स इंटरनेशनल मेडिकल एकेडमी के चेयरमैन कैडविन पिल्लई ने कहा कि यह निर्णय फिलीपींस में अध्ययनरत भारतीय मेडिकल छात्रों और उनके अभिभावकों के लिए लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितताओं को दूर करेगा। उन्होंने छात्रों को भारत लौटने पर लागू एनएमसी नियमों की जानकारी रखने की भी सलाह दी।
मेडिकल डिग्री की मान्यता और चिकित्सकीय अभ्यास की पात्रता को लेकर भारत और फिलीपींस के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही थी। इस दौरान मनीला स्थित भारतीय दूतावास ने भी दोनों देशों के बीच लाइसेंस की पारस्परिक मान्यता के लिए नियम बनाने का आग्रह किया था।
इस दिशा में पहले भी कई सकारात्मक कदम उठाए गए। फिलीपींस के उच्च शिक्षा आयोग (केड) ने 8 मई 2025 को स्पष्ट किया था कि वहां का डॉक्टर ऑफ मेडिसिन कार्यक्रम एनएमसी की निर्धारित शर्तों को पूरा कर सकता है। इसके बाद भारतीय दूतावास ने जून 2026 में भारतीय छात्रों के लिए नियमों की स्थिति स्पष्ट करने वाली एक सार्वजनिक एडवाइजरी जारी की थी।
फिलीपींस के कानून के अनुसार, विदेशी मेडिकल ग्रेजुएट्स को वहां मेडिकल प्रैक्टिस के लिए पीएलई परीक्षा उत्तीर्ण करना अनिवार्य होता है। साथ ही उनके मूल देश में भी फिलीपीनी नागरिकों को समान अवसर उपलब्ध होने चाहिए। इसी संदर्भ में भारतीय दूतावास ने अक्टूबर 2026 में फिलीपींस सरकार के समक्ष भारत में फिलीपीनी मेडिकल ग्रेजुएट्स को मिलने वाले अधिकारों की जानकारी साझा की थी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह निर्णय फिलीपींस के मेडिकल संस्थानों से शिक्षा प्राप्त करने वाले भारतीय छात्रों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा और वे निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत वहां लाइसेंसिंग परीक्षा देकर चिकित्सा अभ्यास के लिए पंजीकरण प्राप्त कर सकेंगे।
वर्तमान में लगभग 7,000 भारतीय छात्र फिलीपींस में अध्ययनरत हैं, जिनमें मेडिकल छात्रों की संख्या उल्लेखनीय है। वहीं, फिलीपींस में करीब 40,000 लोगों का भारतीय समुदाय विभिन्न क्षेत्रों में योगदान दे रहा है।
हालांकि विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि फिलीपींस में पीएलए उत्तीर्ण कर पंजीकरण प्राप्त करने मात्र से भारत में चिकित्सा अभ्यास का अधिकार नहीं मिल जाता। भारत लौटने वाले छात्रों को एनएमसी द्वारा निर्धारित सभी नियमों, परीक्षाओं और इंटर्नशिप संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना होगा।





