डॉ. बरखा वर्षा रहीं मुख्य अतिथि, सपना नागपाल को बनाया गया ईस्टर्न क्राफ्ट एंड कल्चर का ब्रांड एम्बेसडर
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ जयपुर के मान पैलेस में आयोजित स्प्रिंग फैशन शो ने फैशन, रचनात्मकता और भारतीय सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का भव्य उत्सव प्रस्तुत किया। ईस्टर्न क्राफ्ट एंड कल्चर द्वारा आयोजित इस आयोजन में देशभर के उभरते फैशन डिज़ाइनर्स, मॉडल्स और क्रिएटिव प्रोफेशनल्स ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस मंच ने युवा प्रतिभाओं को फैशन जगत, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, फैशन प्रेमियों और मीडिया के समक्ष अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि यूनाइटेड नेशंस ग्लोबल पीस काउंसिल की चेयरपर्सन डॉ. बरखा वर्षा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के मंच युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, रचनात्मकता और नवाचार को भी नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान ईस्टर्न क्राफ्ट एंड कल्चर ने श्रीमती सपना नागपाल को अपना ब्रांड एम्बेसडर घोषित किया। आयोजकों ने कहा कि उनकी नियुक्ति संस्था की उस सोच को मजबूत करेगी, जिसके तहत उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ फैशन और लाइफस्टाइल इंडस्ट्री में नए अवसरों का सृजन किया जा रहा है।
8 फैशन शो केवल एक पारंपरिक रैंप शो तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह फैशन, नवाचार और सांस्कृतिक संवाद का प्रभावशाली मंच बनकर उभरा। आयोजन में युवा डिज़ाइनर्स ने भारतीय वस्त्र परंपरा को आधुनिक फैशन के साथ प्रस्तुत करते हुए अपने समकालीन कलेक्शंस का प्रदर्शन किया, जबकि उभरते मॉडल्स ने आत्मविश्वास और पेशेवर अंदाज़ के साथ रैंप पर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
रैंप पर प्रस्तुत प्रत्येक कलेक्शन ने मौलिकता, उत्कृष्ट शिल्पकला और रचनात्मक उत्कृष्टता की झलक पेश की। पारंपरिक भारतीय हस्तशिल्प और आधुनिक फैशन के समन्वय ने दर्शकों का विशेष आकर्षित किया तथा यह संदेश दिया कि भारतीय फैशन वैश्विक मंच पर निरंतर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
इस अवसर पर नदीम खान ने कहा, “स्प्रिंग फैशन शो की परिकल्पना ऐसे मंच के रूप में की गई है, जहां उभरती प्रतिभाओं को वह पहचान और अवसर मिल सके, जिसके वे वास्तविक हकदार हैं। आज फैशन केवल पहनावे तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संस्कृति, पहचान और नवाचार का सशक्त माध्यम बन चुका है। हमारा उद्देश्य युवा डिज़ाइनर्स और मॉडल्स को एक पेशेवर मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन कर सकें, उद्योग जगत से जुड़ सकें और नए अवसर प्राप्त कर सकें। हम भारतीय प्रतिभाओं का सम्मान करते हुए उन्हें वैश्विक स्तर के अवसरों और मानकों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
अभिनेता, मॉडल एवं ईस्टर्न क्राफ्ट एंड कल्चर के सह-संस्थापक सागर खरबंदा ने कहा कि इस आयोजन में प्रस्तुत प्रत्येक कलेक्शन भारतीय फैशन की रचनात्मकता, उत्कृष्ट शिल्पकला और आधुनिक सोच का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि स्प्रिंग फैशन शो जैसे मंच उभरते डिज़ाइनर्स और मॉडल्स को फैशन विशेषज्ञों, प्रतिष्ठित ब्रांड्स और उद्योग जगत से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं तथा नवाचार और कलात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देते हैं।
इस फैशन शो का आयोजन ईस्टर्न क्राफ्ट एंड कल्चर द्वारा यूनाइटेड नेशंस ग्लोबल पीस काउंसिल एवं इवेंट एक्सपो इंडिया के सहयोग से किया गया। वहीं, प्रसिद्ध फैशन ब्रांड लेबल गैरी के श्री गौरव गुप्ता इस आयोजन से टैलेंट पार्टनर के रूप में जुड़े। आयोजकों ने बताया कि इन प्रतिष्ठित संस्थाओं के सहयोग से आयोजन को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्ता मिली और युवा प्रतिभाओं को व्यापक मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई।
आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजकों ने कहा कि भविष्य में स्प्रिंग फैशन शो को और बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा डिज़ाइनर्स, मॉडल्स और क्रिएटिव प्रोफेशनल्स को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके। साथ ही, जयपुर को देश के प्रमुख फैशन और लाइफस्टाइल आयोजनों के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी निरंतर प्रयास किए जाएंगे।