रविवार को जयपुर में जुटेंगे सेलिब्रिटी, ओलंपिक पदक विजेता और खेल जगत की दिग्गज हस्तियां
कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ होंगे ‘गेम चेंजर्स विजन 2026’ में मुख्य अतिथि
पैनल डिस्कशन और सम्मान समारोह होगा मुख्य आकर्षण
दिव्य राष्ट्र, जयपुर, 27 नवंबर। खेल, मनोरंजन, उद्योग और नेतृत्व जगत की कई प्रमुख हस्तियां रविवार को जयपुर में एक मंच पर नजर आएंगी। होटल क्लार्क्स आमेर में रविवार 29 नवंबर को ‘गेम चेंजर्स विजन 2026-नेशनल स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव एंड लीडरशिप समिट’ का आयोजन किया जा रहा है। कॉन्क्लेव में ओलंपिक पदक विजेता कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि होंगे। आयोजन में देश के खेल भविष्य, कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 और भारत की ओलंपिक 2036 की मेजबानी की महत्वाकांक्षा को लेकर चर्चा भी होगी। एटलेंटर स्पोर्ट्स की ओर से 100 मेडल्स फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस समिट में अभिनेता रणविजय सिंहा, ऋत्विक धनजानी, अंतरराष्ट्रीय पहलवान संग्राम सिंह, एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट राहुल चौधरी, मोटरस्पोर्ट्स चैंपियन ऐश्वर्या पिस्से और भारत के ब्लेड रनर मेजर डीपी सिंह सहित कई खेल और मनोरंजन जगत की हस्तियां शामिल होंगी। सांसद डॉ. हेमांग जोशी, उद्योगपति एवं समाजसेवी डॉ. अभिषेक वर्मा, अंतरराष्ट्रीय उद्यमी अंका वर्मा और अभिनेता-उद्यमी कुलदीप सिंघानिया सहित अन्य प्रतिष्ठित अतिथि भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
**चार विषयों पर होगा मंथन**
‘शेपिंग द फ्यूचर ऑफ इंडियन स्पोर्ट्स 2026-2036’ थीम पर आयोजित इस कॉन्क्लेव में चार पैनल चर्चाएं होंगी। इनमें भारत की 2036 तक खेलों में तैयारियां, खिलाड़ियों के विकास और खेल इकोसिस्टम, खेलों में निवेश एवं इंफ्रास्ट्रक्चर तथा नेतृत्व, समावेशिता और खेलों के भविष्य पर चर्चा की जाएगी। साथ ही खिलाड़ियों, खेल प्रशासकों, संस्थानों और खेल क्षेत्र में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में 500 से अधिक आमंत्रित अतिथियों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन का उद्देश्य खेल जगत, सरकार, उद्योग, निवेशकों, संस्थानों और युवा प्रतिभाओं को एक मंच पर लाकर भारतीय खेलों के विकास के लिए सहयोग और नए अवसरों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम का आयोजन रविवार को शाम 3:30 बजे से होटल क्लार्क्स आमेर में होगा। विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी यूनिवर्सिटी पार्टनर है।