जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ नगर निगम जयपुर द्वारा शहर की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 9 मई 2026 को रात्रिकालीन विशेष अभियान ऑपरेशन क्लीन स्वीप” चलाया जाएगा। इस अभियान की जानकारी नगर निगम आयुक्त ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी। आयुक्त ने बताया कि जयपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए निगम लगातार विशेष अभियान चला रहा है और “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” उसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। यह अभियान रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक संचालित किया जाएगा, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था को बिना यातायात बाधा के प्रभावी रूप से अंजाम दिया जा सके।
इस विशेष ड्राइव के तहत नगर निगम का मुख्य फोकस हेरिटेज क्षेत्र (परकोटा क्षेत्र) रहेगा, जहां व्यापक स्तर पर सफाई, कचरा निष्पादन और सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे। अभियान में करीब 2000 सफाई कर्मियों की तैनाती की जाएगी। सफाई कर्मियों को कार्य के लिए आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिनमें हूपर, झाड़ू, डंपर, हाथ गाड़ी, गम बूट, टॉर्च, फावड़ा एवं विशेष नाइट जैकेट शामिल हैं। निगम प्रशासन ने इस अभियान के सफल संचालन हेतु 36 बीट्स का गठन किया है, जिनमें अधिकारियों एवं टीमों की जिम्मेदारी तय कर मॉनिटरिंग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
अभियान में उद्योग जगत का भी सहयोग देखने को मिला है। सीआईआई के स्टेट हेड नितिन गुप्ता एवं डेनिश पावर लिमिटेड के सीएमडी शिवम तलवार द्वारा सभी सफाई कर्मियों को ब्रांडेड इंसुलेटेड बोतलें उपलब्ध करवाई गई हैं, ताकि कार्य के दौरान उन्हें पेयजल की सुविधा मिल सके। नगर निगम प्रशासन ने बताया कि बीते एक माह में जयपुर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने की दिशा में यह तीसरी बड़ी पहल है। निगम का लक्ष्य है कि जयपुर न केवल देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल हो, बल्कि अपनी विरासत और सुंदरता के लिए भी नई पहचान स्थापित करे।