
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मानसरोवर स्थित बिजलानी स्टूडियो में रविवार को नंदोत्सव एवं भव्य भजन संध्या का आयोजन भक्तिमय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं संगीत प्रेमियों ने सपरिवार भाग लेकर भक्ति संगीत का आनंद लिया।
कार्यक्रम में संसार सेठी ने “श्याम तेरी बंसी”, पंकज लीला ने “तुम श्याम रूप में आना”, जितेन्द्र भारद्वाज ने “कीर्तन की है रात, मेरे सर पर रख दो हाथ” तथा सान्या ने “कान्हा आन पड़ी मैं तेरे द्वार” एवं “भगवान मेरी नैया उस पार लगा देना” की भावपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। सुमन माथुर ने “ओ कान्हा अब तो मुरली की…” तथा प्रिया गुलाबानी ने “लाल मेरी पत रखियो” की प्रस्तुति दी।
तरुण भारत वधवा एवं मुस्कान गाडिया ने “राधा कैसे न जले” एवं “अच्युतम केशवम” की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में मधुर आचार्य, विजय सैनी, तुलसीदास हरपलानी, रीटा मेहता, आभा गाडिया, मुस्कान गाडिया, किरन बिजलानी, शिविका सक्सैना, किरन कुमावत, हरीश गैहलोत गिरधर पारीक एवं राजेन्द्र सिंह भाटी सहित अन्य कलाकारों ने भी भक्ति संगीत की प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि प्रतिभा शर्मा ने भक्तों को बांसुरी भेंट की। भजनों एवं कीर्तन के दौरान श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भक्तिमय नृत्य करते नजर आए। श्रीकृष्ण के जयकारों और भक्ति संगीत से पूरा स्टूडियो भक्तिरस में डूबा रहा।
कार्यक्रम का संचालन रजनीश उपाध्याय, श्वेता मिश्रा, योगेश टाक एवं तरुण भारत वधवा ने किया। वहीं आयोजन की जिम्मेदारी बिजलानी स्टूडियो के निदेशक अनिल बिजलानी ने संभाली। आयोजन में कलाकारों और श्रद्धालुओं की सहभागिता ने नंदोत्सव को यादगार बना दिया।





