
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र:/ इंडियन सॉफ्टबॉल क्रिकेट लीग (आईएससीएल) ने आज अपने दूसरे सीजन की शुरुआत की। इस बार लीग अपने पहले सीजन के मुकाबले लगभग तीन गुना बड़े स्तर पर आयोजित की जा रही है। देशभर की 32 टीमें कुल 127 मुकाबले खेलेंगी। बेंगलुरु में आयोजित एक प्रेस कार्यक्रम में इसकी घोषणा की गई, जिसमें दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ी, लीग के अधिकारी और नए व्यावसायिक साझेदार शामिल हुए।
आईएससीएल और इंडियन सॉफ्टबॉल क्रिकेट फाउंडेशन (आईएससीएफ) के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. गंगाधर राजू ने कहा दो साल पहले हम सिर्फ लोगों को यह समझाने की कोशिश कर रहे थे कि सॉफ्टबॉल क्रिकेट को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। आज हमारे साथ 32 टीमें हैं और ऐसे छोटे शहरों एवं कस्बों से खिलाड़ी आ रहे हैं, जिनके बारे में बहुत से लोगों ने शायद सुना भी न हो। यही सीजन 2 की असली कहानी है। अब यह सिर्फ हमारे बारे में नहीं है, बल्कि उन खिलाड़ियों के बारे में है, जिन्होंने अपने खेल के दम पर इसे यहां तक पहुंचाया है।
सोनी स्पोर्ट्स के एवीपी कौशिक कल्लूरी ने कहा सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क में हमारे लिए साझेदारी का मतलब केवल किसी खेल को टेलीविजन पर दिखाना नहीं है। आईएससीएल की कहानी खास है, क्योंकि इसकी शुरुआत जमीनी स्तर से हुई है और यह खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा बड़े मंच पर दिखाने का अवसर देता है।
भारत के पूर्व क्रिटर हरभजन सिंह इस सीजन में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सुरेश रैना के साथ ब्रांड एंबेसडर के रूप में लीग से जुड़े हैं। हरभजन सिंह ने बताया कि लीग से जुड़ने की सबसे बड़ी वजह युवा खिलाड़ियों को मिलने वाला अवसर है। उन्होंने कहा कि लीग का दायरा बढ़ने से ज्यादा से ज्यादा युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और पहचान बनाने का मौका मिलेगा। उन्होंने इसे अपने दिल के बेहद करीब बताया।





