सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व आदेशों में कोई बदलाव नहीं किया, जेडीए-नगर निगम को कार्रवाई के निर्देश
जयपुर, दिव्यराष्ट्र: सुप्रीम कोर्ट ने गोपालपुरा बाईपास स्थित कोचिंग सेंटर्स को सील करने के विरुद्ध प्रस्तुत किए गए आवेदनों को निस्तारित करते हुए संबंधित निकायों के विरुद्ध गंभीर टिप्पणियां पारित कीं। कोर्ट ने इस मामले में पूर्व में पारित आदेशों में कोई परिवर्तन नहीं किया।
मामले की सुनवाई दिनांक 23-11-2026 को न्यायाधीश श्रीमती बी.वी. नागरत्ना और न्यायमूर्ति श्री संजीव सचदेव की पीठ के समक्ष हुई। इस मामले की जनकारी देते हुए वरिष्ठ अभिभाषक राज दीप रस्तोगी ने बताया कि
लोगनाथन बनाम तमिलनाडु राज्य के मामले में 10वीं स्कीम विकास समिति द्वारा दायर आवेदन पत्र पर समय-समय पर आदेश पारित कर जयपुर विकास प्राधिकरण और नगर निगम जयपुर को यह आदेश दिया गया था कि गोपालपुरा बाईपास पर जो कोचिंग सेंटर्स चल रहे हैं, वो न केवल मास्टर प्लान के विपरीत हैं, बल्कि उन भवनों के निर्माण में भी भवन विनियमों का घोर उल्लंघन किया गया है।
जेडीए और नगर निगम से इस ओर शीघ्र ही सुधारात्मक कदम उठाकर शपथ पत्र पेश करने का निर्देश दिया गया था।
इन आदेशों दिनांक 04-08-2026 एवं 22-09-2026 के बाद कमिश्नर जेडीए ने अपना शपथ पत्र दिनांक 10-09-2026 को प्रस्तुत कर कोर्ट को बताया कि गोपालपुरा बाईपास पर जो कोचिंग सेंटर चल रहे हैं, वो अवैध हैं और उनमें भवन निर्माण विनियमों की घोर अवहेलना की गई है।
इस कारण समुचित नोटिस और सुनवाई का अवसर देकर ऐसे कोचिंग सेंटर्स को हटाने का आदेश दिया गया, परंतु जब फिर भी उन्हें नहीं हटाया गया तब उनको नियमानुसार सील करने की कार्यवाही की गई और 134 नोटिस जारी किए गए, जिनमें से लगभग 57 कोचिंग सेंटर्स को सील किया जा चुका है और 26 कोचिंग सेंटर्स नगर निगम जयपुर के क्षेत्र में आते हैं, जिस पर उसको कार्यवाही करनी है।
आयुक्त, जयपुर विकास प्राधिकरण ने पुनः अपने शपथ पत्र दिनांक 15-09-2026 एवं उसके बाद दिनांक 15-11-2026 को भी जे.डी.ए. द्वारा पेश किए गए शपथ पत्र में स्पष्ट रूप से यह माना कि शेष बचे हुए कोचिंग सेंटर्स को भी सील किया जाएगा और हटाने की कार्यवाही की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
न्यायालय ने यह पाया कि लोगनाथन वाला मुख्य मामला निस्तारित किया जा चुका है और बहुत से कोचिंग सेंटर्स इत्यादि ने ऑथोरिटीज द्वारा की गई कानूनी कार्यवाही के विरुद्ध अनुरोध चाहा था। जयपुर के साथ-साथ अन्य शहरों के अवैध निर्माणों की भी इसमें सुनवाई की जा रही थी।
न्यायालय ने यह माना कि इतने बड़े बिंदुओं को अखिल भारतीय स्तर पर लेकर विचार करना उचित नहीं रहेगा। अतः जो भी व्यक्ति ऑथोरिटीज के जिन आदेशों से व्यथित हैं, उन्हें संबंधित ऑथोरिटीज, ट्रिब्यूनल या हाईकोर्ट के समक्ष उठाया जा सकता है।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इस मामले में पहले काफी आदेश पारित किए जा चुके हैं, परंतु उन आदेशों में कोई भी दखल नहीं दिया गया।
सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 51ए, मूलभूत दायित्व का हवाला देते हुए यह कहा कि भारत के प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य है कि वह संविधान और कानून का पूर्णतः पालन करे।
न्यायालय ने 74वें संविधान संशोधन को भी इंगित करते हुए यह कहा कि म्यूनिसिपल ऑथोरिटीज का यह दायित्व है कि वे उचित टाउन प्लानिंग करें और मास्टर प्लान के अनुसार भू-उपयोग और भवन निर्माण को पूर्णतया नियंत्रित करें।
न्यायालय ने यह भी कहा कि न्यायालय वर्तमान में पूरे राष्ट्र में भवन विनियमों की जो घोर अवहेलना की जा रही है, उससे अत्यंत व्यथित है और यह भी कहा कि वास्तव में कानून की पालना खोखली होकर रह गई है।
शहरी विकास के क्षेत्र में म्यूनिसिपल एवं अन्य ऑथोरिटीज द्वारा इन भवन निर्माण की जो निगरानी की जा रही है, वह बिल्कुल बेकार है और इनकी शह से अवैध निर्माण हो जाते हैं और बाद में जो भी कार्यवाही या निगरानी की जाती है, वह केवल मात्र एक दिखावटी कार्यवाही होती है।
ऐसे अवैध निर्माण इन ऑथोरिटीज के सक्रिय षड्यंत्र और सहयोग से ही अस्तित्व में आते हैं और ऐसे अवैध निर्माणकर्ता को यह पूर्ण विश्वास होता है कि अंत में राज्य सरकारें उस अवैध निर्माण को नियमित कर देंगी और विशेष रूप से उस समय जब चुनाव आने वाले होते हैं।
आगे क्या होगा?
सुप्रीम कोर्ट ने इसके साथ ही अनाधिकृत निर्माण और मास्टर प्लान के उल्लंघन से संबंधित मामलों को जीवित रखते हुए संबंधित ऑथोरिटीज, म्यूनिसिपल बॉडीज और सरकार को यह आदेश दिया कि वे इस संबंध में अपने सुझाव दें कि इस समस्या से कैसे निपटा जा सकता है।
साथ ही न्यायालय ने बड़े शहरों में बढ़ती जनसंख्या के बिंदु पर भी चिंता जताते हुए सरकार से यह अपेक्षा की है कि उन्हें शहरी विकास इस प्रकार से करना चाहिए, जिससे कि नये शहर भी विकसित हो सकें और जनसंख्या का घनत्व बड़े शहरों से कम हो सके और नये शहरों में भी नये रोजगार के साधन उपलब्ध हो सकें।
मामले पर अगली सुनवाई के लिए 06 जनवरी 2027 नियत की।
इस प्रकार न्यायालय ने शहरी विकास से संबंधित ऑथोरिटीज की कार्यप्रणाली पर गहरा प्रश्न चिन्ह लगा दिया है और इस मामले में पूर्व में पारित आदेशों में कोई भी बदलाव नहीं किया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुसार अब जेडीए और नगर निगम को इन अवैध कोचिंग सेंटर्स के विरुद्ध शीघ्र ही कार्यवाही करनी होगी।