बींझबायला/श्रीगंगानगर: दिव्यराष्ट्र राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के श्रीगंगानगर–हनुमानगढ़ चैप्टर की ओर से शुक्रवार को सरस्वती गर्ल्स कॉलेज, बींझबायला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘कार्यक्रम का विषय “राष्ट्रीय सुरक्षा के समक्ष उभरती चुनौतियां एवं समाज की भूमिका” रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरस्वती शिक्षण समूह के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार खालिया ने की। मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के राष्ट्रीय सचिव एवं सेवानिवृत्त आईजी गिरीश चावला, विशिष्ट अतिथि वेद प्रकाश बिलंदी, थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक सतवीर मीणा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के प्रारंभ में मंच के जिलाध्यक्ष रविंद्र मोदी ने अतिथियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में मंच की भूमिका और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक नागरिकों से मंच से जुड़ने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता गिरीश चावला ने सीमांत क्षेत्र के नागरिकों एवं युवा वर्ग से राष्ट्र की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने वर्ष 1971 के युद्ध में भारतीय सेना के शौर्य तथा सीमावर्ती गांवों के नागरिकों के साहस को स्मरण करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सदैव सजग रहने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने पिछले एक दशक में भारत की सामरिक एवं आर्थिक प्रगति, सड़क एवं रेल नेटवर्क के विस्तार, आधारभूत संरचना के विकास, तकनीकी उन्नति तथा रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में किए गए प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा स्वदेशी रक्षा तकनीक एवं हथियार प्रणालियों के विकास, ब्रह्मोस जैसी आधुनिक रक्षा क्षमताओं तथा भारतीय सुरक्षा बलों की वीरता का उल्लेख करते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
श्री चावला ने कहा कि मजबूत, सुरक्षित और आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की जागरूकता एवं जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने ‘अखंड भारत’ एवं ‘विशाल भारत’ की अवधारणा के संदर्भ में राष्ट्रहित, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जागरूकता को मजबूत करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर घमूडवाली थानाधिकारी सतवीर मीणा ने उपस्थितजनों से नशे के विरुद्ध कार्रवाई में सहयोग करने, साइबर सुरक्षा और युवाओं को मोबाइल का दुरुपयोग करने से रोकने का आह्वान किया। अनिल खालिया ने भी महाविद्यालय परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर छात्राओं को देश भक्ति के प्रति जागरूक करने पर मंच का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उपस्थित लोगों से राष्ट्र की सुरक्षा एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होकर सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण एवं सकारात्मक संवाद देखने को मिला। उपस्थित नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय पुलिस एवं सुरक्षा बलों के साथ समन्वय बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में हरीश शर्मा, छगन रांका, हरविन्द्र चावला, हीरा लाल सरपंच, धर्मपाल कामरा, नरेंद्र तनेजा, अशोक गाबा, राकेश कुमार, डॉ. राम कुमार, कौशल वधवा, भारत भूषण टक्कर, अनिल अग्रवाल, जसवंत जग्गा, अविनाश सेतिया, भानी राम टाक, राजेन्द्र चलाना, राजेन्द्र सिंघल, रणवीर गोदारा, लाजपत खुराना, दिनेश शर्मा, रामप्रताप कलवासिया, विपुल अरोड़ा, महेंद्र चाहर, वैद्य लीलाधर शर्मा, चांद तनेजा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन डॉ. अशोक अरोड़ा ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।