ब्रज विकास के लिए 18 करोड़ रुपये की सेवा-भेंट
मथुरा, दिव्यराष्ट्र। अनंत अंबानी ने अपने दो दिवसीय मथुरा दौरे के दौरान श्रद्धालुओं के साथ पैदल चलकर गोवर्धन परिक्रमा पूरी की। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने लगभग साढ़े चार घंटे में गिरिराज महाराज की परिक्रमा संपन्न की और पूरे मार्ग में भक्ति एवं श्रद्धा का भाव प्रदर्शित किया।
परिक्रमा से पूर्व अनंत अंबानी जतीपुरा स्थित गंगा धाम पहुंचे और बाद में गिरिराज मुखारविंद मंदिर में दर्शन एवं श्रृंगार आरती में शामिल हुए। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर गिरिराज जी को 280 किलोग्राम का छप्पन भोग अर्पित किया। इसके साथ ही उन्होंने मदन मोहन मंदिर में भी दर्शन किए।
भगवा कुर्ता और पीली पगड़ी धारण किए अनंत अंबानी ने सामान्य श्रद्धालुओं के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा पूरी की। परिक्रमा मार्ग पर वे भजन-कीर्तन करते हुए और “हरे राम, हरे कृष्ण” के जयकारे लगाते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया।
पुष्टिमार्ग की परंपरा के अनुरूप यह परिक्रमा उन्होंने नाथद्वारा पीठ के आचार्य गोस्वामी विशाल बावा साहब के सान्निध्य में की। इस दौरान उन्होंने गिरिराज जी और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दंडवत प्रणाम भी किया।
परिक्रमा के दौरान ब्रज क्षेत्र के विकास को लेकर एक व्यापक सेवा-संकल्प की रूपरेखा तैयार की गई। इसके अंतर्गत गोवर्धन परिक्रमा मार्ग, मुखारविंद एवं प्रमुख पुष्टिमार्गीय स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं के लिए जनसुविधाओं तथा स्थानीय बच्चों के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
रिलायंस समूह ने इस सेवा योजना के प्रथम चरण के लिए 18 करोड़ रुपये की प्रारंभिक राशि देने की घोषणा की है। योजना में भविष्य में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी भोजन व्यवस्था भी शामिल होगी।
परिक्रमा के उपरांत अनंत अंबानी ने कहा कि बचपन से उनकी इच्छा गिरिराज जी की पूरी परिक्रमा करने की थी। उन्होंने अपनी धार्मिक प्रेरणा का श्रेय अपने दादा-दादी को दिया और बताया कि उनकी दादी कोकिलाबेन अंबानी इस यात्रा से अत्यंत प्रसन्न हैं।
शनिवार सुबह उन्होंने वृंदावन में बांके बिहारी जी के दर्शन किए, जिसके बाद वे आगरा के लिए रवाना हो गए। इससे पहले सप्ताह में वे वाराणसी भी गए थे, जहां उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर और अन्नपूर्णा मंदिर को कुल 6 करोड़ रुपये का दान दिया था।