₹250 करोड़ का निवेश, 1,000 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार
नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट कंपनी की उत्पादन क्षमता को मजबूत करेगी, साथ ही उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को भी गति देगी
गाजियाबाद, दिव्यराष्ट्र/ होम और किचन अप्लायंसेज क्षेत्र की प्रमुख कंपनी समरकूल होम अप्लायंसेज ने गाजियाबाद में 5 एकड़ में अपनी नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने की घोषणा की है। इस परियोजना की शुरुआत भूमि पूजन के साथ की गई। इस प्लांट में लगभग ₹250–300 करोड़ का निवेश किया जाएगा, जिससे कंपनी की उत्पादन क्षमता मजबूत होगी और उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस विस्तार के जरिए 1,000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा। करीब 5 एकड़ (लगभग 25,000 वर्ग गज) में बनने वाला यह प्लांट उपभोक्ता टिकाऊ उत्पादों की बढ़ती मांग को पूरा करने के साथ-साथ कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को भी बढ़ाएगा।
इस नई यूनिट में वॉशिंग मशीन, एयर कूलर, टेलीविजन, इंडक्शन कुकटॉप, मिक्सर सहित कई अन्य होम और किचन अप्लायंसेज का निर्माण किया जाएगा। इस विस्तार से कंपनी का प्रोडक्ट पोर्टफोलियो और मजबूत होगा तथा देशभर में ग्राहकों तक अपनी पहुंच और उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी। कंपनी की योजना के अनुसार, इस नए प्लांट में अक्टूबर से, नवरात्रि के दौरान उत्पादन शुरू किया जाएगा। इसके अलावा, कंपनी अपनी विस्तार योजना के तहत भविष्य में अन्य मैन्युफैक्चरिंग प्लांट भी स्थापित करने की तैयारी कर रही है।
इस अवसर पर समरकूल होम अप्लायंसेज लिमिटेड के डायरेक्टर (सेल्स एंड मार्केटिंग) श्री आशुतोष गुप्ता ने कहा, “हमारे 5 एकड़ के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का भूमि पूजन समरकूल की विकास यात्रा का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह निवेश भारत में एक मजबूत मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम तैयार करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास में योगदान देने की हमारी दीर्घकालिक सोच को दर्शाता है। जैसे-जैसे हम होम और किचन अप्लायंसेज की अपनी उत्पाद श्रृंखला का विस्तार कर रहे हैं, हमारा फोकस विश्वस्तरीय मैन्युफैक्चरिंग सुविधाओं के माध्यम से ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उपलब्ध कराने पर है। साथ ही, भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हम आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और नवाचार में लगातार निवेश कर रहे हैं।”
यह नई मैन्युफैक्चरिंग परियोजना कंपनी की दीर्घकालिक विस्तार रणनीति का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य घरेलू विनिर्माण को मजबूत करना, उत्पादन क्षमता बढ़ाना और भारत के तेजी से बढ़ते उपभोक्ता अप्लायंसेज बाजार की जरूरतों को पूरा करना है। इंफ्रास्ट्रक्चर और मैन्युफैक्चरिंग में लगातार निवेश के जरिए कंपनी का लक्ष्य भारत की अग्रणी होम और किचन अप्लायंसेज निर्माता कंपनियों में शामिल होना है, साथ ही उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देना है।