नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र: दक्षिण दिल्ली के प्रीमियम रियल एस्टेट बाजार में अपनी उपस्थिति मजबूत कर रही ग्रोवी इंडिया लिमिटेड ने 2.48 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में आवासीय परियोजनाओं के विकास की योजना बनाई है। कंपनी के अनुसार इसमें निर्माणाधीन और भविष्य की परियोजनाएं दोनों शामिल हैं।
कंपनी के निदेशक अंकुर जालान ने कहा कि दक्षिण दिल्ली में प्रीमियम आवासीय संपत्तियों की मांग मजबूत बनी हुई है, जबकि उपलब्धता सीमित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली मास्टर प्लान 2047 के क्रियान्वयन से पुराने आवासीय क्षेत्रों के पुनर्विकास को गति मिलेगी।
जालान के अनुसार कंपनी वर्तमान में ग्रेटर कैलाश, हौज खास, आनंद निकेतन, नीति बाग, डिफेंस कॉलोनी और गुलमोहर पार्क जैसे क्षेत्रों में लगभग 1.83 लाख वर्ग फुट आवासीय परियोजनाएं विकसित कर रही है। इन परियोजनाओं को वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही से लेकर वित्त वर्ष 2027-28 की चौथी तिमाही तक पूरा करने का लक्ष्य है।
कंपनी ने यह भी बताया कि वह अगले तीन वर्षों में प्रतिवर्ष 20 से 25 परियोजनाएं विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। साथ ही, भविष्य में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में सूचीबद्ध होने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे निवेशकों का दायरा और बाजार में पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी।



