
जयपुर में 11वीं वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन 2026 की दो दिवसीय बिब एक्सपो का शुभारंभ
15,000 से अधिक धावकों के भाग लेने की उम्मीद; दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पी.वी. सिंधु इंटरनेशनल इवेंट एंबेसडर के रूप में जुड़ीं; 29 नवंबर को होगा मैराथन का आयोजन
दिव्य राष्ट्र, जयपुर, 27 नवंबर 2026: वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन पावर्ड बाय फिनोवा कैपिटल का 11वां संस्करण है। इस प्रतिष्ठित आयोजन की दो दिवसीय बिब एक्सपो का शुभारंभ शुक्रवार को जयपुर के महाराजा कॉलेज मैदान में हुआ। आयोजन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। मैराथन आगामी रविवार, 29 नवंबर को आयोजित की जाएगी। बिब एक्सपो का औपचारिक उद्घाटन कर्नल राकेश यादव, डायरेक्टर (स्पोर्ट्स), अनिल अग्रवाल फाउंडेशन; डॉ. भरत दवे, हेड (कॉरपोरेट अफेयर्स), हिंदुस्तान जिंक; एवं श्री राहुल सिंह, असिस्टेंट एवीपी, फिनोवा कैपिटल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
27 और 28 नवंबर को आयोजित हो रही इस दो दिवसीय एक्सपो में पंजीकृत प्रतिभागियों को अपनी रेस बिब प्राप्त करने, रेस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल करने तथा मैराथन के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए आयोजित विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिल रहा है। इस वर्ष देश के विभिन्न हिस्सों और कई देशों से धावकों के भाग लेने की उम्मीद है। मैराथन की तीनों श्रेणियों में कुल 15,000 से अधिक प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।
इस वर्ष की मैराथन का एक प्रमुख आकर्षण दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और भारत की प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु का इंटरनेशनल इवेंट एंबेसडर के रूप में जुड़ना है। उनकी सहभागिता से आयोजन को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी और फिटनेस, खेल उत्कृष्टता तथा सक्रिय जीवनशैली का संदेश और मजबूत होगा।
वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन का 11वां संस्करण वेदांता की महत्वपूर्ण सामाजिक पहल #RunForZeroHunger का संदेश भी लेकर आ रहा है। यह पहल वेदांता ग्रुप के चेयरमैन श्री अनिल अग्रवाल के उस संकल्प से प्रेरित है, जिसमें उनका सपना है कि कोई भी बच्चा भूखा न सोए। इस पहल के अंतर्गत वेदांता प्रत्येक किलोमीटर की दौड़ के बदले एक भोजन उपलब्ध कराने का संकल्प लेता है। इसके माध्यम से फिटनेस और खेल को भूख मिटाने तथा जरूरतमंदों की सहायता के व्यापक सामाजिक उद्देश्य से जोड़ा जा रहा है। यह पहल अनिल अग्रवाल फाउंडेशन के माध्यम से संचालित की जा रही है।
AIMS से प्रमाणित वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन में तीन श्रेणियां होंगी – 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर कूल रन और 5 किलोमीटर ड्रीम रन। इन श्रेणियों के माध्यम से विभिन्न आयु वर्गों और फिटनेस स्तरों के लोगों को भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। दौड़ की शुरुआत जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल म्यूजियम से होगी, जहां से धावक शहर के जीवंत परिवेश और विरासत का अनुभव करते हुए आगे बढ़ेंगे।
रेस डे – रविवार, 29 नवंबर 2026
तीनों श्रेणियों की फ्लैग-ऑफ का समय इस प्रकार रहेगा: 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन: सुबह 5:30 बजे, 10 किलोमीटर कूल रन: सुबह 6:30 बजे, 5 किलोमीटर ड्रीम रन: सुबह 6:35 बजे। जयपुर को AIMS वर्ल्ड कांग्रेस 2028 की मेजबानी के लिए चयनित किया जाना शहर की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय खेल पहचान को और मजबूती प्रदान करता है। इस आयोजन के माध्यम से दुनिया भर का रनिंग समुदाय जयपुर में एकत्रित होगा तथा राजस्थान की खेल सुविधाओं, सांस्कृतिक विरासत और स्पोर्ट्स टूरिज्म को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। एनीबडी कैन रन (ABCR) द्वारा आयोजित और फिनोवा कैपिटल द्वारा संचालित 11वीं वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन का उद्देश्य हर वर्ग के व्यक्ति को दौड़ने और फिटनेस से जोड़ना है। यह आयोजन खेल, सामुदायिक भागीदारी और सामाजिक सरोकारों को एक साझा मंच पर लेकर आ रहा है। बिब एक्सपो के शुभारंभ के साथ ही जयपुर 29 नवंबर को दौड़, फिटनेस और सामाजिक सहभागिता के एक भव्य उत्सव के लिए तैयार हो रहा है। इस आयोजन के माध्यम से #RunForZeroHunger का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।




