
पश्चिमी राजस्थान दौरे के दौरान प्रवीण सुथार ने बालोतरा में पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कपड़ा उद्योगों की समस्याएं जानीं
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ राजस्थान के बालोतरा, पाली और जोधपुर में कपड़ा उद्योगों पर गहराते संकट और रोजगार पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर फोर्टी ने चिंता जताई है। फोर्टी राजस्थान ब्रांचेस चेयरमैन प्रवीण सुथार ने पश्चिमी राजस्थान दौरे के दौरान बालोतरा में संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उद्योगों की समस्याओं और श्रमिकों की आजीविका से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक में बालोतरा के बिल्डर नरेश खंडेलवाल और उद्यमी नवनीत पंवार ने औद्योगिक परिस्थितियों की जानकारी देते हुए बताया कि कपड़ा उद्योगों में कामकाज प्रभावित होने का असर श्रमिकों, व्यापारियों, परिवहन व्यवसाय और अन्य सहायक कारोबारों पर भी पड़ता है।
तीनों जिलों के औद्योगिक क्षेत्रों में एक लाख से अधिक श्रमिकों के प्रभावित होने की रिपोर्ट सामने आई है। हालांकि, यह आंकड़ा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों और उद्योगों से संबंधित है, केवल कपड़ा उद्योग का अलग आंकड़ा नहीं है। इससे रोजगार और हजारों परिवारों की आजीविका को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्रवीण सुथार ने कहा कि बालोतरा, पाली और जोधपुर का कपड़ा उद्योग पश्चिमी राजस्थान की अर्थव्यवस्था और रोजगार का महत्वपूर्ण आधार है। पर्यावरण संरक्षण के साथ उद्योगों और रोजगार को बचाना भी जरूरी है। राज्य सरकार, प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण मंडल को उद्योग संगठनों के साथ समन्वय कर समयबद्ध समाधान निकालना चाहिए, ताकि पर्यावरणीय मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए नियमों के अनुरूप औद्योगिक इकाइयों का संचालन सुचारु हो सके।
उन्होंने कहा कि उद्योगों पर संकट का असर केवल कारोबार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि श्रमिकों की आजीविका, स्थानीय बाजार और क्षेत्र के आर्थिक विकास पर भी पड़ता है। फोर्टी उद्योगों की समस्याओं के समाधान और रोजगार की सुरक्षा के लिए संबंधित स्तर पर प्रभावी पहल की आवश्यकता पर जोर देगा।





