
2,100 करोड़ के राजस्व का अनुमान
मुंबई/नागपुर, दिव्यराष्ट्र:/ क्रिसला डेवलपर्स और हीरानंदानी कम्युनिटीज के एलेवा ब्रांड ने नागपुर में लग्जरी गोल्फ कोर्स टाउनशिप विकसित करने की घोषणा की है। इस परियोजना से करीब 2,100 करोड़ रुपये के राजस्व की संभावना जताई गई है। इसे नागपुर की पहली लग्जरी गोल्फ कोर्स टाउनशिप बताया जा रहा है।
इस परियोजना में नियो-क्लासिकल वास्तुशैली, विशाल हरित क्षेत्र और गोल्फ आधारित जीवनशैली को प्रमुखता दी जाएगी। टाउनशिप में 51 अल्ट्रा-लग्जरी आवासीय प्लॉट के साथ टाउनहाउस और विला भी विकसित किए जाएंगे। परियोजना को उच्च आय वर्ग के ग्राहकों की जरूरतों और प्रीमियम आवास की बढ़ती मांग को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।
हीरानंदानी कम्युनिटीज के मुख्य प्रबंध निदेशक डॉ. निरंजन हीरानंदानी ने कहा कि समृद्धि एक्सप्रेसवे, मेट्रो और मिहान जैसी परियोजनाओं से नागपुर में रियल एस्टेट की संभावनाएं बढ़ी हैं। इस विकास से रोजगार, निवेश और सामाजिक बुनियादी ढांचे को भी बढ़ावा मिलेगा।
क्रिसला डेवलपर्स के प्रबंध निदेशक आकाश अग्रवाल ने कहा कि नागपुर में प्रवेश कंपनी की विस्तार रणनीति का हिस्सा है। साझेदारी के जरिए दोनों कंपनियां गुणवत्ता, आधुनिक डिजाइन और बेहतर जीवनशैली पर केंद्रित परियोजना विकसित करेंगी। यह पहल नागपुर के प्रीमियम रियल एस्टेट बाजार को नई दिशा दे सकती है।






