
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे करने पर बधाई दी और राजस्थान के विकास के लिए उनके मार्गदर्शन का उल्लेख किया।
इस मुलाकात के बाद राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें
राजस्थान में मंत्रिपरिषद में फेरबदल को लेकर पहले से चर्चाएं चल रही हैं। प्रधानमंत्री से मुख्यमंत्री की मुलाकात ने इन अटकलों को फिर हवा दी है। लेकिन अभी किसी नए मंत्री की नियुक्ति या विभागों में बदलाव की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
पंचायत चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां
राज्य में आगामी पंचायती राज चुनावों के मद्देनजर सरकार और भाजपा संगठन की रणनीति महत्वपूर्ण हो सकती है। हालांकि, इस विषय पर प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक में क्या चर्चा हुई, इसका आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है।
राजस्थान के विकास पर केंद्र से समन्वय
मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से बुनियादी ढांचे, निवेश और जल प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में केंद्र के सहयोग का उल्लेख किया है। उन्होंने वर्ष 2047 तक राजस्थान को विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य को भी दोहराया।
केन्द्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी और केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल से भी की मुलाकात
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ साथ केन्द्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा तथा शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी और केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल से भी मुलाकात कर महत्वपूर्ण परियोजनाओं और विषयों पर सार्थक चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय शिक्षा मंत्री प्रल्हाद जोशी से मुलाकात के दौरान प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार, प्रदेश की ऊर्जा आवश्यकताओं सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस दौरान इन क्षेत्रों में केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों और युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों पर भी गहन विचार-विमर्श हुआ।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री से भेंट कर यमुना जल समझौता, किशाऊ बहुद्देशीय परियोजना, राम जलसेतु लिंक परियोजना और नर्मदा परियोजना के लिए उनका आभार व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने प्रदेश में जल प्रबंधन, पेयजल उपलब्धता और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार से संबंधित विषयों पर सार्थक विस्तृत चर्चा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास और प्रदेशवासियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से ऊर्जा, शिक्षा, जल उपलब्धता, सिंचाई आदि के साथ-साथ रोजगार के नए अवसरों पर केन्द्रित होकर कार्य किया जा रहा है, ताकि विकसित भारत-विकसित राजस्थान का संकल्प साकार हो।


