
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र: देश के प्रमुख उद्योग संगठन फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के शताब्दी वर्ष 2026-27 में उद्योग जगत के वरिष्ठ नेता एवं द सन्मार ग्रुप के चेयरमैन विजय शंकर ने अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल ली है। उन्होंने आरपीजी ग्रुप के वाइस चेयरमैन अनंत गोयनका का स्थान लिया। फिक्की की वार्षिक आमसभा एवं वार्षिक सम्मेलन में नेतृत्व परिवर्तन की घोषणा की गई। सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया।
डलमिया भारत लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ पुनीत डालमिया को फिक्की का वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा बोरोसिल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्रीवर खेरुका को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
विजय शंकर द सन्मार ग्रुप के चेयरमैन हैं। चेन्नई मुख्यालय वाला यह वैश्विक औद्योगिक समूह रसायन, विशेष रसायन, इंजीनियरिंग, स्टील फाउंड्री और शिपिंग सहित विविध क्षेत्रों में कारोबार करता है। वह टीवीएस मोटर कंपनी और लार्सन एंड टुब्रो के बोर्ड में स्वतंत्र निदेशक तथा केमप्लास्ट सन्मार लिमिटेड के चेयरमैन भी हैं। उद्योग जगत में सक्रिय भूमिका के साथ वह स्वास्थ्य सेवाओं, बाल चिकित्सा, नेत्र चिकित्सा और ग्रामीण स्वास्थ्य से जुड़े संस्थानों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों में भी योगदान दे रहे हैं। चेन्नई में डेनमार्क के मानद महावाणिज्यदूत के रूप में सेवाओं के लिए उन्हें डेनमार्क के राजा द्वारा ‘नाइट्स क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ डैनब्रॉग’ से सम्मानित किया गया है। वह नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी के केलॉग स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से एमबीए और चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं।
पुनीत डालमिया वर्ष 2004 से डलमिया भारत के नेतृत्व में कंपनी को विकास एवं विस्तार की नई दिशा दे रहे हैं। जिम्मेदार विकास और सतत प्रगति के सिद्धांतों पर आधारित उनकी नेतृत्व शैली ने कंपनी की कारोबारी यात्रा को गति दी है। इससे पहले उन्होंने 1999 में जॉब्सअहेड.कॉम की सह-स्थापना की थी, जिसका बाद में मॉन्स्टर.कॉम ने अधिग्रहण कर लिया। उन्हें 2017 में अर्न्स्ट एंड यंग का ‘एंटरप्रेन्योर ऑफ द ईयर’ सम्मान मिला। वर्ष 2022 में बिजनेस टुडे ने उन्हें सीमेंट श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ सीईओ चुना। वह आईआईएम रायपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से बीटेक और आईआईएम बेंगलुरु से स्वर्ण पदक के साथ एमबीए किया है।
श्रीवर खेरुका बोरोसिल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हैं और कॉर्पोरेट रणनीति, व्यवसाय प्रबंधन, वित्त, प्रशासन एवं जोखिम प्रबंधन में 16 वर्ष से अधिक का अनुभव रखते हैं। उनके नेतृत्व में बोरोसिल ने पारंपरिक कारोबार से आगे बढ़कर बहु-उत्पाद, बहु-ब्रांड और अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर केंद्रित विस्तार रणनीति अपनाई है। वह संगठनात्मक संस्कृति, नवाचार, ग्राहक-केंद्रितता और टीम सशक्तीकरण को कारोबार की सफलता का आधार मानते हैं। विश्व आर्थिक मंच ने उन्हें ‘यंग ग्लोबल लीडर’ के लिए नामित किया, जबकि इकोनॉमिक टाइम्स ने उन्हें ‘40 अंडर 40’ प्रमुख कारोबारी नेताओं में शामिल किया है। उन्होंने अमेरिका के पेंसिल्वेनिया विश्वविद्यालय के व्हार्टन स्कूल से अर्थशास्त्र तथा अंतरराष्ट्रीय संबंधों में शिक्षा प्राप्त की है।
फिक्की के नए नेतृत्व से उद्योग जगत को ऐसे समय नई दिशा मिलने की उम्मीद है, जब संगठन अपने शताब्दी वर्ष में भारतीय उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता, निवेश, नवाचार, वैश्विक व्यापार और आर्थिक विकास को गति देने की भूमिका को और व्यापक बनाने की ओर अग्रसर है।


