
जयपुर में 100 किमी राष्ट्रीय मुकाबला, राजस्थान सहित अनेक राज्यों के राइडर्स ने दिखाया दमखम
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ गुलाबी नगरी में एक दशक बाद आयोजित ‘100 किलोमीटर नेशनल वन स्टार एंड्योरेंस चैंपियनशिप 2026’ का सफलतापूर्वक समापन हो गया। रॉयल इक्वेस्ट्रियन क्लब की मेजबानी में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राइडर रामूराम देवासी ने अपने असाधारण कौशल का परिचय देते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। रामूराम ने 7 घंटे 23 मिनट तक निरंतर घोड़ा दौड़ाकर इस कठिन चैंपियनशिप में प्रथम स्थान प्राप्त किया। राइडर प्रियंका ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया और 7 घंटे 58 मिनट के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।
यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 7-8 मार्च को बेगास रोड, सांझरिया (आरईसी मणिपाल यूनिवर्सिटी के समीप) स्थित रॉयल इक्वेस्ट्रियन क्लब परिसर में आयोजित की गई। घुड़दौड़ का आयोजन इक्वेस्ट्रियन फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं राजस्थान इक्वेस्ट्रियन एसोसिएशन के पदाधिकारियों की प्रत्यक्ष देख-रेख में हुआ, जिसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से आए राइडर्स ने अपनी सहनशक्ति और रणनीति का प्रदर्शन किया।
मुख्य संयोजक कैप्टन मुकेश सिंह शक्तावत ने बताया कि संपूर्ण आयोजन अंतरराष्ट्रीय तकनीकी दिशा-निर्देशों, नियमों एवं विनियमों के अनुरूप संचालित किया गया। जूरी के सदस्य कर्नल अशोक यादव, कर्नल सरप्रताप सिंह और कर्नल सी. एस. सोहल की निगरानी में पूरी प्रतियोगिता का पारदर्शी संचालन किया गया। राइडर्स ने निर्धारित मापदंडों के अनुसार अपने घोड़े दौड़ाए। इस आयोजन ने राजस्थान में घुड़सवारी के खेल को एक नई ऊंचाई प्रदान की है।






