
जयपुर, दिव्य राष्ट्र/ बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर ग्रिड आयरन इन इंडिया (बीसीजीआई) की ओर से पूर्णिमा यूनिवर्सिटी में चतुर्थ सीनियर नेशनल फ्लैग फुटबॉल चैंपियनशिप— 2025–26 आयोजित की गई। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर से शामिल हुई टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।
बॉयज वर्ग के फाइनल मुकाबले में राजस्थान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को 31–13 अंकों से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। बिहार द्वितीय स्थान पर और जम्मू एवं कश्मीर तृतीय स्थान पर रहा। इसी प्रकार गर्ल्स वर्ग के फाइनल में राजस्थान ने मध्य प्रदेश को 40–12 अंकों से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मध्य प्रदेश उपविजेता रहा, जबकि महाराष्ट्र ने तृतीय स्थान हासिल किया।
बॉयज वर्ग में राजस्थान के देवेंद्र और गर्ल्स वर्ग में राजस्थान की ही कविता मीणा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर का पुरस्कार प्रदान किया गया। समापन समारोह में बीसीजीआई के प्रीतेश बल्याया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति समारोह समिति, धांक्या के सचिव नीरज कुमावत तथा अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों के अनुशासन, खेल भावना और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।




