
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित अभियान में करीब 50 स्वयंसेवकों ने लिया भाग, टीम को मिला ‘बेस्ट टीम परफॉर्मेंस’ पुरस्कार
मुंबई, दिव्यराष्ट्र:/ शिक्षा क्षेत्र की वैश्विक संस्था ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल ने अपने वैश्विक कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम मोमेंटम के तहत भारत में पहली सामाजिक पहल की शुरुआत करते हुए मुंबई के जुहू बीच पर सफाई अभियान आयोजित किया। यह अभियान स्वयंसेवी मंच कनेक्टफर के सहयोग से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, समुदाय की जिम्मेदार भागीदारी को प्रोत्साहित करना और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना था। अभियान में ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल के कर्मचारियों सहित लगभग 50 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। गर्म मौसम के बावजूद प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक बीच की सफाई की और बड़ी मात्रा में कचरा एकत्र किया। अभियान के दौरान टीम के उत्कृष्ट योगदान और सामूहिक प्रयासों को देखते हुए कनेक्टफर ने ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल की टीम को ‘बेस्ट टीम परफॉर्मेंस’ पुरस्कार से सम्मानित किया। मोमेंटी कार्यक्रम इस विचार पर आधारित है कि स्थानीय स्तर पर किए गए छोटे-छोटे प्रयास वैश्विक स्तर पर सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल पिछले दो वर्षों से भारत में शिक्षा, सामाजिक कल्याण, समावेशन और सामुदायिक विकास से जुड़ी विभिन्न पहलों का समर्थन करता रहा है। इस अवसर पर ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल एजुकेशन ग्रुप की मुख्य मानव संसाधन अधिकारी जो ग्रैंडल ने कहा कि शिक्षा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहलें कर्मचारियों को महत्वपूर्ण सामाजिक और पर्यावरणीय मुद्दों में योगदान देने का अवसर प्रदान करती हैं तथा संस्था भविष्य में भी अपने सामुदायिक सहभागिता और सीएसआर कार्यक्रमों का विस्तार करती रहेगी।




