
दिव्यराष्ट्र, मुंबई: भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट एयरपोर्ट ऑपरेटर कंपनी, अदानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) ने नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एनएमआईए) से तय अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन आरंभ करने की घोषणा की है। इसके तहत, एयर इंडिया एक्सप्रेस 15 जुलाई से नवी मुंबई और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरु कर रही है।
एएएचएल के सीईओ श्री अरुण बंसल ने कहा, ’’हमारी पहली शेड्यूल्ड इंटरनेशनल फ्लाइट का लांच नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट की यात्रा में एक नए दौर की शुरुआत है। हम इस अहम पड़ाव तक पहुंचने में मिले अमूल्य सहयोग के लिए राज्य और केंद्र सरकार की सभी एजेंसियों और सभी स्टेकहोल्डरों का शुक्रिया अदा करते हैं।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के चेयरमैन, श्री निपुण अग्रवाल ने कहा, ’’नवी मुंबई से अबू धाबी के लिए सीधी उड़ानें शुरु करके अंतर्राष्ट्रीय परिचालन आरंभ करने की हमें बहुत खुशी है। इससे मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन के यात्रियों के लिए यूएई जाने का एक सुविधाजनक नया रास्ता बनेगा। नवी मुंबई हमारी दो-एयरपोर्ट वाली रणनीति का एक अहम हिस्सा है, जो छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हमारे नेटवर्क को और बेहतर बनाता है। हम नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ अपनी साझेदारी को महत्व देते हैं और इस सहयोग के जरिए कनेक्टिविटी को और ज्यादा पुख्ता करने की उम्मीद करते हैं।’’
सात महीने से भी कम समय में एनएमआईए ने 46 घरेलू गंतव्यों को जोड़ा है, 23 लाख से अधिक यात्रियों को सेवाएं दी हैं और अब प्रति दिन लगभग 150 एयर ट्रैफिक मूवमेंट (एटीएम) यह संभालता है। अंतर्राष्ट्रीय सेवाओं के जुड़ने से एमएमआर और पश्चिमी भारत की विमानन जरूरतों को पूरा करने में इसकी भूमिका और मजबूत होती है।
पहली अंतर्राष्ट्रीय उड़ान में एनएमआईए का पहला ग्लोबल पैरिशेबल एक्सपोर्ट शिपमेंट भी जा रहा है, जिससे यह एयरपोर्ट उच्च-मूल्य वाली और समय-संवेदनशील कार्गो के लिए एक नया गेटवे बन गया है। उम्मीद है कि इस अहम कदम से भारतीय निर्यातकों के लिए अंतर्राष्ट्रीय बाजार तक पहुंच बेहतर होगी और साथ ही एनएमआईए की बढ़ती कार्गो क्षमताएं भी मजबूत होंगी।





