नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र:/ डेयरी ब्रांड मिल्की मिस्ट ने अपने हाई-प्रोटीन पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए लैक्टोज-फ्री दूध बाजार में उतारा है। यह नया उत्पाद 250 मिली के सुविधाजनक पैक में उपलब्ध होगा, जिसमें 25 ग्राम प्रोटीन मिलता है। यह मात्रा अनुशंसित दैनिक आहार ( आरडीए) के 30 प्रतिशत से अधिक है। कंपनी का यह उत्पाद उन फिटनेस प्रेमियों और उपभोक्ताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो अपने रोजमर्रा के खान-पान में प्रोटीन की मात्रा बढ़ाना चाहते हैं। फिलहाल इसे घरेलू बाजार में चुनिंदा माध्यमों से उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा।
कंपनी के अनुसार, पिछले दो वर्षों में हाई-प्रोटीन पनीर, ग्रीक योगर्ट और स्कायर जैसे उत्पादों की मांग में सालाना लगभग 50 प्रतिशत की जोरदार वृद्धि दर्ज की गई है। इसी बढ़ती मांग को भुनाने के लिए इस नए उत्पाद को पेश किया गया है। इस दूध की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसका निर्माण अत्याधुनिक अल्ट्रा-फिल्ट्रेशन तकनीक से किया जाता है। इस प्रक्रिया के जरिए बिना किसी कृत्रिम पाउडर या बाहरी स्रोतों को मिलाए प्राकृतिक रूप से उच्च प्रोटीन युक्त डेयरी उत्पाद तैयार किए जाते हैं, जिससे उत्पाद की गुणवत्ता और पोषक तत्व बरकरार रहते हैं।
मिल्की मिस्ट डेयरी फूड लिमिटेड के पूर्णकालिक निदेशक एवं सीईओ डॉ. के. रत्नम ने कहा कि हाई-प्रोटीन डेयरी उत्पाद कंपनी के लिए विकास के बड़े अवसर हैं। यह नई पेशकश उपभोक्ताओं की बदलती जरूरतों को पूरा करने और वैल्यू-एडेड उत्पादों की श्रृंखला को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। कंपनी आधुनिक विनिर्माण ढांचे और मजबूत प्रसंस्करण क्षमता के दम पर इस सेगमेंट में अपनी पैठ और गहरी करने की योजना बना रही है।