भारतीय मूर्तिकार नरेश कुमार कुमावत की कृति का हुआ अनावरण
नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र: अमेरिका के अटलांटा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर भारत की ऐतिहासिक विरासत को समर्पित एक महत्वपूर्ण आयोजन हुआ, जिसमें भारतीय मूर्तिकार नरेश कुमार कुमावत द्वारा निर्मित सरदार वल्लभभाई पटेल की अर्धप्रतिमा का अनावरण किया गया।
भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने प्रतिमा का अनावरण करते हुए सरदार पटेल के उस अद्वितीय योगदान को याद किया, जिसके कारण स्वतंत्र भारत का राजनीतिक एकीकरण संभव हो सका। उन्होंने कहा कि पटेल की दूरदर्शिता और नेतृत्व ने राष्ट्र की एकता को मजबूत आधार प्रदान किया।
यह प्रतिमा भारतीय समुदाय के लिए केवल एक कलाकृति नहीं, बल्कि भारत के राष्ट्रनिर्माण के इतिहास की प्रेरणादायक स्मृति भी है। वाणिज्य दूतावास परिसर में स्थापित यह प्रतिमा आने वाले वर्षों तक आगंतुकों को सरदार पटेल के जीवन और योगदान की याद दिलाती रहेगी।
अपने वक्तव्य में नरेश कुमार कुमावत ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा बनाना उनके लिए सम्मान और गर्व का विषय है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह कलाकृति भारत की एकता, अखंडता और राष्ट्रनिर्माण की भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम बनेगी।
यह आयोजन राष्ट्रीय एकता दिवस और सरदार पटेल की जयंती को वैश्विक स्तर पर भारतीय मूल के लोगों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।