
दो दिवसीय आयोजन का पहला दिन संपन्न
मुंबई, दिव्यराष्ट्र:/ छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसएमयू), पनवेल में आयोजित “सीएसएमयू महा जॉब फेयर 2.0 – 2026” का शानदार शुरुआत के साथ पहला दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह दो दिवसीय जॉब फेयर 29 और 30 अप्रैल को आयोजित किया जा रहा है और सभी योग्य उम्मीदवारों व छात्रों के लिए खुला रखा गया है।
विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस मेगा जॉब फेयर में बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने विभिन्न कंपनियों के साथ सीधे इंटरव्यू में हिस्सा लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर डॉ. केशरी लाल वर्मा ने देशभर से आए कंपनी प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि नई प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें अवसर प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति शुरुआत में नया होता है और सही अवसर मिलने पर ही वह अपनी क्षमता को बेहतर तरीके से प्रदर्शित कर सकता है।
वहीं, संस्थान के रजिस्ट्रार डॉ. आर. पी. शर्मा ने सभी अतिथियों और कंपनियों का स्वागत करते हुए इस आयोजन को युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस मेगा जॉब फेयर में 100 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया है, जिनमें आईटी, फार्मा, मैनेजमेंट, एजुकेशन और इंजीनियरिंग सहित कई क्षेत्रों की कंपनियां शामिल हैं। यहां 2100 से अधिक पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया चल रही है, जहां युवाओं और छात्रों को मौके पर ही इंटरव्यू देने का अवसर मिल रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं और छात्रों को बेहतर रोजगार के अवसर देना और उन्हें सीधे उद्योग जगत से जोड़ना है। पहले दिन की सफलता को देखते हुए दूसरे दिन भी अच्छी भागीदारी की उम्मीद जताई जा रही है.






