Home न्यूज़ तेलंगाना के के. साई रेड्डी अध्यक्ष व उड़ीसा के मोहिनी मोहन...

तेलंगाना के के. साई रेड्डी अध्यक्ष व उड़ीसा के मोहिनी मोहन मिश्र महामंत्री चुने गए

43 views
0
Google search engine

तीन दिवसीय 14 वें अधिवेशन का हुआ समापन

गौ आधारित प्राकृतिक खेती का किसानों को दिया प्रशिक्षण।

पालनपुर ,, दिव्यराष्ट्र/ भारतीय किसान संघ के तीन दिवसीय 14वें अखिल भारतीय अधिवेशन के दूसरे दिन शनिवार को भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष व महामंत्री का निर्वाचन किया गया। देश भर से आये प्रतिनिधियों ने निर्वाचन अधिकारी अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी की उपस्थिति में तेलंगाना से के. साई रेड्डी को अखिल भारतीय अध्यक्ष व उड़ीसा के मोहिनी मोहन मिश्रा को अखिल भारतीय महामंत्री निर्वाचित किया गया। अध्यक्ष व महामंत्री द्वारा घोषित कार्यकारिणी में राजस्थान से मंजू दीक्षित को महिला प्रमुख, पूर्व अध्यक्ष बद्रीनारायण चौधरी, पद्म श्री हुकुमचंद पाटीदार, रतन लाल डागा, मणिलाल लबाना, कैलाश गिंदौलिया को अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया।

समापन सत्र को संबोधित करते हुये अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी ने कहा कि 2047 की विकसित भारत की संकल्पना को पूर्ण करने के लिये गौ कृषि वाणिज्यम् के साथ कृषि अनुकूल तकनीकी को अपनाकर आगे बढ़ने की जरूरत है। देश की अर्थव्यवस्था में सबसे बड़ा हिस्सा कृषि का है इसलिये समग्र विकसित भारत के निर्माण में कृषि व किसान पर बड़ा उत्तरदायित्व है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे लिये देश हित की चौखट पर किसान हित है। हम भाषावाद, जातिवाद, प्रांतवाद से दूर है क्योंकि हम भारत माता की जय बोलते हैं। अगले तीन वर्ष का रोडमैप तैयार कर किसान संघ को काम करना होगा।

60 हजार गांवों में 42 लाख किसान बने किसान संघ के सदस्य

भारतीय किसान संघ के अधिवेशन में प्रस्तुत सदस्यता वृत्त के अनुसार 60 हजार गांवो में किसान संघ की सक्रिय ग्राम समिति बनी है। इन ग्राम समितियों के माध्यम से 42 लाख किसानों को देश भर में भारतीय किसान संघ ने सदस्य बनाया है।

तीन दिन में नौ सत्र

भारतीय किसान संघ के तीन दिनों तक चले अखिल भारतीय अधिवेशन में नौ सत्र हुये। जिसमें विभिन्न प्रांतों से आये अध्यक्ष महामंत्रियों ने अपनी क्षेत्रीय भाषा बोली में अपने अपने राज्यों में किसान संघ के द्वारा किये जा रहे संगठनात्मक, आंदोलनात्मक व रचनात्मक कार्यक्रमों का वृत्त रखा।

अधिवेशन में दो प्रस्ताव पास

किसान संघ के अधिवेशन में ’’जैविक खेती एक जिम्मेदारी’’, ’’समग्र ग्रामीण की दिशा में कृषि मनुष्य बल का उचित प्रबंधन’’ दो प्रस्ताव पास किये गये। जिसमें देश भर के सभी किसानों से जैविक खेती अपनाने का आहवान किया गया। दूसरे प्रस्ताव में नीतियों में सुधार व बदलाव करते हुये कृषि उत्पादन, मूल्य संवर्धन, प्रसंस्करण, भंडारण, विपणन वाणिज्य, लघु कुटीर, ग्राम उद्योग, हस्तकला के आयामों, ग्राम स्वावलंबन के विचार को मजबूत करने की बात कही गई है। जिससे देश के गांव समृद्धशाली जीवन खड़ा कर सके।

पालनपुर तक निकली शोभायात्रा

भारतीय किसान संघ अखिल भारतीय अधिवेशन के दूसरे दिन सरदार कृषिनगर दांतीवाड़ा कृषि विष्वविद्यालय से पालनपुर तक ट्रैक्टर पर शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें विभिन्न राज्यों से आये किसान संघ के पदाधिकारी अपनी स्थानीय वेशभूषा में शामिल हुये। शोभायात्रा में गौ आधारित प्राकृतिक खेती, जहर नहीं जैविक चाहिये का संदेश देते हुये बैनर ट्रैक्टर ट्रालियों में लगाये गये थे।

गौ आधारित प्राकृतिक खेती का किसानों को दिया प्रशिक्षण

देश भर से अधिवेशन में शामिल हुये किसानों ने सरदारकृषिनगर दांतीवाड़ा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ आर एम चौहान के सहयोग से विभिन्न विभागों का भ्रमण किया। जिसमें समेकित कृषि प्रणाली, गौ आधारित जैविक खेती, जैविक खाद, प्रसंस्करण, पशुपालन, बीज तैयार करने के सफल माडलों का अवलोकन करा जानकारी प्रदान की गई। इससे पूर्व विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने हजारों की तादाद में मौजूद किसानों को तकनीकी सत्र में उन्नत कृषि तकनीकियों व प्राकृतिक खेती के लाभ के बारे में अवगत कराया।

महिला किसानों की उपस्थिति की रही चर्चा

किसान संघ के अधिवेशन में महिला किसानों की भारी संख्या में उपस्थिति काफी चर्चा में रही। देशभर के विभिन्न प्रांतों से शामिल महिला किसान अपने अपने प्रांतों की विशेष वेशभूषा में उपस्थित रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here