मुंबई दिव्यराष्ट्र:/ भारतीय प्रबंधन संस्थान बैंगलोर ने वर्ष 2026 के लिए अपने डिस्टिंग्विश्ड एलुमनाई अवॉर्ड्स के प्राप्तकर्ताओं की घोषणा की है। वर्ष 2007 में शुरू किए गए ये पुरस्कार उन पूर्व छात्रों को दिए जाते हैं जिन्होंने उद्योग, कॉर्पोरेट जगत, उद्यमिता या सामाजिक सेवा के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रत्येक सम्मानित पूर्व छात्र को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा तथा उनका नाम संस्थान की ‘वॉल ऑफ फेम’ पर अंकित किया जाएगा। इस वर्ष सम्मानित किए जाने वाले पांच पूर्व छात्र हैं अरुण पाई, रश्मि मोहंती, मनीष तिवारी, कार्तिक रेड्डी और दीपेश शाह हैं।अरुण पाई बेंगलुरु के शहरी नवाचार विशेषज्ञ और कई जन-सहभागिता आधारित पहलों के संस्थापक हैं। उन्हें व्यापक रूप से “फुटपाथ मेयर ऑफ बेंगलुरु” के नाम से जाना जाता है। उन्होंने शहर में पैदल यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं, सार्वजनिक स्थानों के विकास और शहरी अवसंरचना सुधार के लिए अनेक अभियानों का नेतृत्व किया है। रश्मि मोहंती वर्तमान में एसबीआई कार्ड्स एंड पेमेंट सर्विसेज लिमिटेड की सीएफओ हैं। रश्मि के पास वैश्विक बैंकिंग, ट्रेजरी, कॉर्पोरेट फाइनेंस और वित्तीय रणनीति में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है।मनीष तिवारी वर्तमान में नेस्ले इंडिया के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक हैं तथा नेपाल, बांग्लादेश, भूटान, श्रीलंका और मालदीव की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। वे प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और उपभोक्ता-केंद्रित नवाचार के माध्यम से विकास को गति देने पर केंद्रित हैं।कार्तिक रेड्डी ब्लूम वेंचर्स के सह-संस्थापक एवं प्रबंध भागीदार हैं। ब्लूम वेंचर्स भारत की अग्रणी अर्ली-स्टेज वेंचर कैपिटल फर्मों में से एक है। दीपेश शाह जिन्हें अनुसंधान एवं विकास, उपभोक्ता प्रौद्योगिकी और नवाचार नेतृत्व में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। वे हैवेल्स इंडिया लिमिटेड में कार्यकारी अध्यक्ष एवं मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी हैं।इन पांचों पूर्व छात्रों की उपलब्धियां आईआईएम बैंगलोर की उस परंपरा को दर्शाती हैं, जिसमें शिक्षा, नेतृत्व, नवाचार और समाज के प्रति योगदान को समान महत्व दिया जाता है। 14 जून 2026 को आयोजित रीओरियंटेशन प्रोग्राम समारोह में उन्हें औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।





