
उच्च शिक्षा क्षेत्र में पीडब्ल्यू की एंट्री
पटियाला/नोएडा, दिव्यराष्ट्र: शिक्षा क्षेत्र की कंपनी फिजिक्सवाला ( पीडब्ल्यू ) ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में कदम रखते हुए पंजाब के पटियाला में फिजिक्सवाला डिजिटल यूनिवर्सिटी स्थापित करने की घोषणा की है। इसके साथ ही कंपनी अब स्कूली शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से आगे बढ़कर डिग्री एवं करियर केंद्रित उच्च शिक्षा कार्यक्रम भी उपलब्ध कराएगी। विश्वविद्यालय का संचालन पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
पंजाब सरकार ने 29 अक्टूबर 2026 को ‘फिजिक्सवाला डिजिटल यूनिवर्सिटी, पटियाला अधिनियम, 2026’ को अधिसूचित किया था, जबकि राज्यपाल ने 23 अक्टूबर 2026 को इस अधिनियम को मंजूरी दी थी। विश्वविद्यालय की प्रायोजक संस्था फिजिक्सवाला लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी नेक्स्टसीड फाउंडेशन होगी। विश्वविद्यालय का मुख्यालय पटियाला में रहेगा और इसका संचालन सेल्फ-फाइनेंस्ड मॉडल पर होगा।
विश्वविद्यालय में शिक्षण, मूल्यांकन तथा विद्यार्थियों के साथ संवाद के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ( एआई ) आधारित तकनीक का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ लाइव कक्षाएं, विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन और वैश्विक शिक्षाविदों से जुड़ने के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
संस्थान का डिजिटल ढांचा मोबाइल आधारित पढ़ाई को बढ़ावा देगा तथा कम इंटरनेट स्पीड वाले क्षेत्रों में भी शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर देगा। इससे छोटे शहरों और दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा तक पहुंच आसान होने की उम्मीद है।
विश्वविद्यालय का पहला शैक्षणिक सत्र जुलाई 2027 में शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रारंभिक चरण में बिजनेस एवं मैनेजमेंट, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी, ह्यूमैनिटीज एवं सोशल साइंसेज, जर्नलिज्म एवं मीडिया कम्युनिकेशन तथा स्किल्स एवं वोकेशनल स्टडीज सहित पांच प्रमुख संकायों में पाठ्यक्रम संचालित किए जाने की योजना है।
स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्री कार्यक्रमों के अलावा बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाएं, एआई आधारित डिजिटल मार्केटिंग और सोशल मीडिया मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों में सर्टिफिकेट कोर्स भी प्रस्तावित हैं। हालांकि इन पाठ्यक्रमों का संचालन विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ( यूजीसी) की मान्यता और अन्य नियामकीय स्वीकृतियों के अधीन होगा।
फिजिक्सवाला के संस्थापक अलख पांडे ने कहा कि डिजिटल यूनिवर्सिटी का उद्देश्य देश के हर विद्यार्थी तक किफायती और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा पहुंचाना है, ताकि स्थान और आर्थिक परिस्थितियां शिक्षा प्राप्त करने में बाधा न बनें।
यह विश्वविद्यालय पंजाब प्राइवेट डिजिटल ओपन यूनिवर्सिटीज पॉलिसी, 2026 के तहत स्थापित किया गया है। इसमें ऑनलाइन एवं दूरस्थ शिक्षा कार्यक्रमों के साथ माइक्रो-क्रेडेंशियल आधारित क्रेडिट को आगे की पढ़ाई में उपयोग करने की सुविधा भी दी जाएगी। विद्यार्थियों की शिकायतों के समाधान के लिए स्वतंत्र लोकपाल की व्यवस्था का भी प्रावधान रखा गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार यह पहल ऐसे समय में सामने आई है जब उच्च शिक्षा को उद्योगों की जरूरतों और रोजगार के अवसरों के अनुरूप बनाने पर जोर दिया जा रहा है। नीति आयोग की एक रिपोर्ट में आर्थिक सर्वेक्षण 2024-25 के आंकड़ों के आधार पर बताया गया है कि केवल 8.25 प्रतिशत स्नातक ही अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप रोजगार में कार्यरत हैं।



