
बाल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास
मुंबई, दिव्यराष्ट्र:/ अग्रणी बेबी केयर ब्रांड हिमालया बेबीकेयर ने स्माइल फाउंडेशन के सहयोग से मुंबई में ‘हेल्दी बेबी कॉन्टेस्ट’ का आयोजन किया। इस पहल के माध्यम से माताओं, शिशुओं, सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और बाल देखभाल विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर समग्र बाल विकास, मातृ स्वास्थ्य और शिशु देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस कार्यक्रम में 100 से अधिक माताओं और उनके शिशुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों तथा स्माइल फाउंडेशन की कार्यक्रम टीम की उपस्थिति में यह आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। शिशुओं का मूल्यांकन मोटर स्किल्स, ऊंचाई, वजन और सक्रियता जैसे विकास संबंधी मानकों के आधार पर किया गया।
प्रतियोगिता में विहान प्रदीप डोहाळे, रियांश पद्माकर दुपन, रुही आकाश देसले, ओवी संतोष वाघ और तन्वी दिवेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पार्थी कल्पेश माळी, अधिराज विशाल खाकर, हर्षित मोहन दळवी, जियांश मोरे और रिद्धी ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि विहान दीपक मेंगाळ और शिवांश निशिकांत मोहपे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को प्रमाणपत्र और हिमालया बेबी गिफ्ट पैक प्रदान किए गए। सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाणपत्र, माइलस्टोन बुकलेट और हिमालया बेबीकेयर सैंपल पैक युक्त गिफ्ट बैग प्रदान किए गए।
प्रतियोगिता के साथ-साथ माताओं को स्तनपान, शिशु पोषण, स्वच्छता, टीकाकरण कार्यक्रम और बाल देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। इस पहल ने स्वस्थ एवं जागरूक अभिभावकत्व के महत्व को रेखांकित किया।
इस अवसर पर हिमालया वेलनेस कंपनी के बेबीकेयर विभाग के निदेशक चक्रवर्ती एन. वी. ने कहा, “शिशु के जीवन के प्रारंभिक वर्ष उसके विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। ‘हेल्दी बेबी प्रतियोगिता’ के माध्यम से हमारा उद्देश्य अभिभावकों को आवश्यक चिकित्सीय जानकारी और उपयोगी संसाधन उपलब्ध कराना है। स्थानीय संस्थाओं के साथ मिलकर हम सुरक्षित, सौम्य और जागरूक बाल देखभाल का संदेश समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।”




