
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ पूर्णिमा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, जयपुर की इंटरनल कमेटी तथा वुमेन इन साइंस एंड इंजीनियरिंग (वाइज) क्लब की ओर से सीतापुरा के विमुक्ति गर्ल्स स्कूल में “सहज: द वेलनेस ड्राइव” के अंतर्गत स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य किशोरियों को व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण, आत्म-देखभाल तथा इन विषयों से जुड़े सामाजिक व सांस्कृतिक वर्जनाओं को दूर करने के प्रति जागरूक करना था। जय एजुकेशनल एंड सोशल वेलफेयर फाउंडेशन तथा जयोम चॉइस इंडस्ट्रीज के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान एक संवादात्मक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसके पश्चात पूर्णिमा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग की जज्बा ड्रामेटिक सोसायटी के विद्यार्थियों द्वारा प्रभावी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के अंत में विमुक्ति गर्ल्स स्कूल की छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए गए। यह पहल पूर्णिमा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग की सामाजिक उत्तरदायित्व, महिला सशक्तिकरण तथा किशोरियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की सतत प्रतिबद्धता की प्रतीक है। इस अवसर पर पूर्णिमा कॉलेज की इंटरनल कमेटी की डॉ. पियुषा सोमवंशी व डॉ. अनुरिका मेहता, जय एजुकेशनल एंड सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की संस्थापक डॉ. आशा कुमावत, वाइज क्लब की तनुष्का शर्मा व जज्बा ड्रामेटिक सोसायटी की सिद्धि खंडेलवाल एवं उनकी टीम उपस्थित रही।






