
संस्कारित समाज से देश बनेगा महान ।संगीत इसका एक माध्यम है। – डॉ मोहन भागवत
घोष वादकों ने शिविर के जरिए राष्ट्रसेवा और सामाजिक एकता का संदेश दिया
जोधपुर, दिव्यराष्ट्र। सभी प्रकार के नशों से दूर रहने वाला व्यक्ति ही प्रसन्न रहता है । संघ का मानना है कि संस्कारवान व्यक्ति ही देश के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य कर सकता है । दूसरों के सुख-दुख में काम आने वाला व्यक्ति समाज को जोड़ता है । संगीत सिर्फ महफिल में ही जरूरी नहीं बल्कि रण आँगन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हमारा अपना रण संगीत भी होना चाहिए ।क्योंकि संगीत से ही स्वाभिमान का भाव जगाता है। यह विचार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूजनीय सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत ने उपस्थित व्यक्तियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए । मौका था राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के चार दिवसीय प्रांत घोष शिविर ‘मरु निनाद 2026’ के समापन का स्वयंसेवकों और उनके परिवारजनों की उपस्थिति में भव्य समापन समारोह लूणी शिकारपुरा के श्री राजाराम आश्रम के विशाल परिसर में संपन्न हुआ ।
इस अवसर पर सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत ने संबोधित करते हुए कहा कि अभी आपने घोष का वादन देखा है किंतु इसके पीछे संस्कार तथा अनुशासन छिपा है जो सबको साथ लेने का मार्ग प्रशस्त करता है। अपने देश में रण संगीत की पुरानी परंपरा है। भगवत गीता में इसका वर्णन आया है । प्रणव, पांच्यजन्य तथा शंखाश्चय आदि ऐसे नाम आते हैं। अनेक एकल गीत, संगीत, घोष आदि के माध्यम से संघ संगीत का एक घराना बन गया है। अब भारतीय संगीत में रण संगीत भी है। संघ के संगीतकार व्यवसायिक संगीतकार नहीं हैं। संगीत एक कला है। जिसमें भारतीय जीवन पद्धति, जीवन संस्कार, तथा जीवन मूल्य समाहित है। सुंदर गीत के माध्यम से वातावरण बनता है तथा भाव पैदा होता है।
संग में व्यक्तिगत वादन नहीं होता है। सभी मिलकर बजाते हैं। और ऐसे ही वादन करते हुये। सबके मन आपस में मिल जाते हैं। एक साथ किसी स्थान पर एकत्रित होना, साथ में मिलकर रहना तथा मिलकर कुछ श्रेष्ठ करना यही संघ की पद्धति है संगीत के अच्छे समीक्षक उसके विशेषज्ञ नहीं बल्कि श्रोता होते हैं।
समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई । इसके पश्चात शिविर में प्रशिक्षित हुए हजारों स्वयंसेवक घोषवादकों ने अलग-अलग भागों में सुंदर घोष वादन प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को आह्लादित कर दिया । इसके पश्चात जोधपुर के प्रांत संघचालक हरदयाल वर्मा ने शिविर के प्रतिवेदन के साथ मंचासीन अतिथियों का परिचय प्रस्तुत किया । समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद महेशा राम जी मेघवाल ने सभी को नशे से दूर रहने का आह्वान किया। इसके पश्चात समारोह में उपस्थित विशिष्ट अतिथि मेजर जनरल अर्जुन सिंह राठौड़ ने घेाषवादकों के प्रदर्शन की भूरी भूरी तारीफ करते हुए कहा कि उनके निस्वार्थ भाव से किए गए इस घोष संगीत से पूरे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का फैलाव हुआ है । उन्होंने स्वयंसेवक घोषवादकों के प्रदर्शन को किसी सैन्य टुकड़ी जैसा पूर्ण प्रशिक्षित घेाषवादन करार दिया ।
अंत में सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत ने सभी को छठ पर्व की शुभकामना देते हुए घोष शिविर के समापन का ऐलान किया ।
*इनकी रही उपस्थिति**
अखिल भारतीय कार्यकारणी सदस्य सुरेश चंद्र , अखिल भारतीय शारीरिक प्रमुख जगदीश चंद्र , सह व्यवस्था प्रमुख अनिल ओक, सीमा जागरण के संयोजक मुरलीधर , सह संयोजक निंब सिंह , लघु उद्योग के संगठन मंत्री प्रकाश चंद्र सक्षम के राष्ट्रीय सचिव चंद्रशेखर पर्यावरण गतिविधि के गोपाल आर्य सहित क्षेत्र प्रांत के पदाधिकारी उपस्थित रहे ।





