(दिव्य राष्ट्र के लिए निरंजन परिहार)
वर्षा झाला। कोमल भंवरिया। ममता गुर्जर। संतोष कुमारी। चार नाम। चार चेहरे। उम्र महज 21-22 साल। लेकिन जिम्मेदारी पूरे जिले की। झालावाड़, झुंझुनू, ब्यावर और जैसलमेर की कमान अब इन चार युवा बेटियों के हाथों में है। चारों जिला प्रमुख हैं। चारों जेन-ज़ी पीढ़ी की। और चारों ने राजस्थान की सियासत में वाली उम्र की चौखट लांघकर नई इबारत लिखी है। मगर यह सच है कि सियासत में रास्ते आसानी से नहीं खुलते। यहां अनुभव की धौंस है। रसूख का दबदबा है। बरसों की राजनीतिक तपस्या के बाद भी मंजिल मिल जाए, तो गनीमत। लेकिन इन चार बेटियों ने बता दिया कि नेतृत्व के लिए उम्र से ज्यादा जरूरी हौसला और अवसर की समझ जरूरी है। यह सिर्फ चार युवतियों की कामयाबी नहीं। बदलते राजस्थान की तस्वीर है।
जिस प्रदेश में कभी बेटियों के जन्म से लेकर उनकी पढ़ाई और उनके सपनों तक पर पहरे रहे हों, वहां इतनी कम उम्र में चार युवतियों का जिला नेतृत्व तक पहुंचना मामूली घटना नहीं है। यह उस सामाजिक बदलाव का संकेत है, जहां बेटी को बचाने और पढ़ाने से आगे बढ़कर अब उसे निर्णय लेने और नेतृत्व करने का अवसर देने का वक्त आ गया है। लेकिन जिला प्रमुख की कुर्सी कोई ताज नहीं। यह कांटों भरी जिम्मेदारी है। प्रशासन की समझ विकसित करनी होगी। विकास के सवालों पर मुखर होना होगा। जनता की उम्मीदों को जमीन पर उतारना होगा। और सबसे बढ़कर, वरिष्ठ नेताओं के बीच अपनी स्वतंत्र पहचान बनानी होगी। क्योंकि पद हासिल करना एक उपलब्धि है। पद के मुकाबिल खुद को बनाना असली परीक्षा।
बाली उमर की इन बालाओं के सामने एक और बड़ी चुनौती है। पुरुषों के प्रभुत्व वाली पंचायती राज व्यवस्था में क्या वे अपने फैसले खुद कर पाएंगी? क्या उनकी कलम से जिले के विकास की दिशा तय होगी? या फिर वे भी उन महिला जनप्रतिनिधियों की तरह किसी पिता, पति या भाई की राजनीतिक छाया में सिमटकर रह जाएंगी, जिनके पास पद तो होता है, लेकिन फैसले की ताकत नहीं? यह सवाल इसलिए भी जरूरी है कि महिला नेतृत्व का उत्सव मनाने से ज्यादा जरूरी है उसकी स्वतंत्रता सुनिश्चित करना। इन बेटियों को अपनी क्षमता साबित करने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। उन्हें अपनी गलतियों से सीखने और अपने फैसलों पर खड़े होने की आजादी भी चाहिए।
बेशक, अनुभव की कमी है। लेकिन सीखने की उम्र है। ऊर्जा है। सपने हैं। और कुछ नया करने का उत्साह भी। आज 21-22 साल की उम्र में अधिकांश युवा अपना भविष्य तलाश रहे होते हैं। लेकिन वर्षा, कोमल, ममता और संतोष हजारों लोगों के भविष्य की जिम्मेदारी उठा रही हैं। यह अंतर ही इनकी उपलब्धि का असली अर्थ बताता है। इन चार मासूम चेहरों में राजस्थान की हजारों बेटियां अपना भविष्य देख सकती हैं। वह लड़की भी, जो पंचायत की बैठक में बोलने से झिझकती है। वह छात्रा भी, जो राजनीति में आने का सपना देखती है। और वह युवती भी, जिसे समाज की तय सीमाएं आगे बढ़ने से रोकती हैं।
इन चारों बेटियों के सामने रास्ता आसान नहीं है। सियासी दबाव होंगे। आलोचनाएं होंगी। अनुभव पर सवाल उठेंगे। लेकिन जवाब भाषणों से नहीं, काम से देना होगा। क्योंकि सियासत में चमकना आसान है। चमक को कायम रखना कठिन। राजस्थान की राजनीति के पुराने किलों में चार नई दस्तकें सुनाई दे रही हैं। उम्र छोटी है। जिम्मेदारी बड़ी है। मगर उम्मीदों का आकाश बहुत बड़ा है। अब देखना यह है कि ये चार बेटियां सिर्फ जिला प्रमुख बनकर रह जाती हैं या राजस्थान में युवा महिला नेतृत्व की नई मिसाल कायम करती हैं। क्योंकि इन चार छोरियों की कामयाबी सिर्फ इनकी नहीं होगी। यह पूरे राजस्थान की उम्मीदों की जीत होगी।