
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि बनने की दी सहमति
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने जयपुर ज्वैलरी शो ( जेजेएस ) 2026 के आधिकारिक थीम पोस्टर का अनावरण एवं विमोचन किया। इसके साथ ही देश के अग्रणी रत्न एवं आभूषण प्रदर्शनी जेजेएस 2026 का औपचारिक शुभारम्भ हो गया।
इस वर्ष जेजेएस 2026 की थीम “कलर्ड जेमस्टोन्स – एन इनडिस्पेंसेबल पार्ट ऑफ जयपुर हेरिटेज” रखी गई है, जो रंगीन रत्नों के क्षेत्र में जयपुर की सदियों पुरानी परम्परा तथा वैश्विक पहचान को समर्पित है।
थीम पोस्टर का अनावरण जेजेएस के अध्यक्ष राजीव जैन, दिनेश खटोरिया, कमल कोठारी एवं महावीर पी. शर्मा की उपस्थिति में हुआ। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को जेजेएस 2026 की तैयारियों की जानकारी भी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को 22 से 25 दिसम्बर 2026 तक नोवोटेल जयपुर कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी), जयपुर में आयोजित होने वाले जयपुर ज्वैलरी शो 2026 के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पधारने का आमंत्रण भी दिया। मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने आमंत्रण सहर्ष स्वीकार करते हुए 22 दिसम्बर 2026 को आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अपनी गरिमामयी उपस्थिति देने की सहमति प्रदान की।
इस अवसर पर जेजेएस के अध्यक्ष राजीव जैन ने कहा, मुख्यमंत्री द्वारा जेजेएस 2026 के थीम पोस्टर का अनावरण तथा उद्घाटन समारोह के लिए आमंत्रण स्वीकार करना सम्पूर्ण रत्न एवं आभूषण उद्योग के लिए गौरव का विषय है। इस वर्ष की थीम जयपुर की समृद्ध रंगीन रत्न परम्परा को समर्पित है, जिसने विश्व स्तर पर जयपुर को रत्न कटिंग, शिल्प कौशल एवं व्यापार के प्रमुख केन्द्र के रूप में स्थापित किया है।”
जयपुर ज्वैलरी शो देश की प्रमुख बी2बी एवं बी2सी रत्न एवं आभूषण प्रदर्शनियों में से एक है, जिसमें देश-विदेश के अग्रणी निर्माता, निर्यातक, डिजाइनर, विक्रेता एवं खरीदार भाग लेते हैं। यह आयोजन वैश्विक रत्न एवं आभूषण उद्योग में जयपुर की सशक्त पहचान को निरंतर नई ऊँचाइयाँ प्रदान कर रहा है।





