
दिव्यराष्ट्र, मुंबई: इस गर्मी भारतीय यात्री घूमने-फिरने के लिए एशिया का रुख कर रहे हैं। कोरियन ड्रामा, जापानी संस्कृति और एशियाई स्ट्रीट फूड से प्रभावित नई पीढ़ी के लिए एशिया के गंतव्य एक ओर परिचित एहसास कराते हैं, तो दूसरी ओर नएपन का रोमांच भी जगाते हैं। यही कारण है कि इन जगहों के प्रति यात्रा रुचि तेजी से बढ़ रही है। यात्री ऐसे गंतव्य चुन रहे हैं, जहां उन्हें सांस्कृतिक अनुभव, बेहतर कनेक्टिविटी और कम समय में सुविधाजनक यात्रा मिल सके। इन्हीं कारणों से एशिया गर्मियों की छुट्टियों के लिए एक आकर्षक विकल्प बनकर उभर रहा है।
एयरबीएनबी के सर्च डेटा के अनुसार, इस ट्रेंड में जेन जेड सबसे आगे है। इस साल गर्मियों में एयरबीएनबी की कुल सर्च का 40% से अधिक हिस्सा जेन जेड का रहा और साल-दर-साल करीब 60% की दर से यह सबसे तेजी से बढ़ने वाली पीढ़ी है। यह पीढ़ी अपेक्षाकृत अधिक बार यात्रा करती है और अब अपने ट्रिप्स को अनुभवों—जैसे कॉन्सर्ट, फेस्टिवल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नए-नए खाने-पीने की खोज के आधार पर प्लान कर रही है ।
एयरबीएनबी के डेटा से पता चलता है कि जापान, दक्षिण कोरिया और दक्षिण-पूर्व एशिया के गंतव्यों के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है। ओसाका (सर्च में 85% से अधिक वृद्धि), टोक्यो (90% से अधिक) और बुसान (95% से अधिक) भारतीय यात्रियों की सर्च में सबसे तेज़ बढ़ोतरी दर्ज करने वाले शहरों में शामिल हैं। यह रुझान पॉप कल्चर के प्रभाव, विविध खानपान के आकर्षण और आसान यात्रा सुविधाओं से प्रेरित है। वहीं, कुआलालंपुर (50% से अधिक) और बैंकॉक (35% से अधिक) जैसे गंतव्य भी अपनी मजबूत कनेक्टिविटी और भारतीय यात्रियों के बीच परिचित होने के कारण लगातार मांग में बने हुए हैं।
यात्रा अब एक साझा अनुभव भी बनती जा रही है, जहां करीब 60% सर्च, ग्रुप और परिवार के साथ यात्रा के लिए किए गए हैं, जबकि 30% से अधिक सर्च दो लोगों के साथ यात्रा (डुओ ट्रैवल) के लिए रहे। यह दर्शाता है कि नई जगहों को एक्सप्लोर करते हुए साथ में समय बिताने को लोग कितनी अहमियत दे रहे हैं।
नई जगहों को एक्सप्लोर करने की यह बढ़ती रुचि घरेलू यात्रा रुझानों को भी प्रभावित कर रही है। भारत के भीतर यात्री अब पारंपरिक और पहले से लोकप्रिय गंतव्यों से आगे बढ़कर ऐसे स्थानों की तलाश कर रहे हैं, जहां उन्हें प्रकृति, विरासत और सांस्कृतिक समृद्धि का अनुभव मिल सके। तिरुवनंतपुरम (90% से अधिक वृद्धि), पुरी (30% से अधिक), जयपुर (70% से अधिक) और मेघालय (70% से अधिक) में भी रुचि में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
एयरबीएनबी इंडिया और साउथईस्ट एशिया के कंट्री हेड अमनप्रीत सिंह बजाज ने कहा, “इस गर्मी यात्रा का जो रुझान सामने आ रहा है, वह जिज्ञासा और संस्कृति से प्रेरित है। एशिया एक अनोखा अनुभव देता है—जहां एक ओर भारतीय यात्रियों को अपनी पसंदीदा संस्कृति की परिचित झलक मिलती है, वहीं दूसरी ओर नए गंतव्यों को खोजने का रोमांचक अवसर भी मिलता है। बेहतर कनेक्टिविटी और लंबे वीकेंड के दौरान छोटे लेकिन सार्थक ट्रिप की योजना बनाने की सुविधा इसे और आकर्षक बनाती है। यह देखना दिलचस्प है कि भारतीय यात्री अब देश-विदेश में तयशुदा और पारंपरिक विकल्पों से आगे बढ़ रहे हैं और ऐसे गंतव्यों की तलाश कर रहे हैं, जो सिर्फ लोकप्रिय ही नहीं, बल्कि उनके लिए अधिक व्यक्तिगत और खास अनुभव भी प्रदान करें।”
जैसे-जैसे यात्रा की आदतें बदल रही हैं, इस गर्मी भारतीय यात्रियों का रुख एशिया की ओर है, जहां उन्हें आसान पहुंच, किफायती विकल्प और विविध अनुभवों का संतुलित मेल मिलता है।


