जयपुर, दिव्यराष्ट्र: इटली के प्रसिद्ध हैंडबैग, लगेज और एक्सेसरीज ब्रांड कार्पिसा ने जयपुर के मानसरोवर स्थित पैसिफिक मॉल में अपना दूसरा फ्लैगशिप स्टोर शुरू किया है। इसके साथ ही कंपनी ने भारतीय बाजार में विस्तार की अपनी रणनीति को और मजबूत किया है।

कार्पिसा की मूल कंपनी कुवेरा एस.पी.ए. और भारत में उसकी साझेदार निओपोलिस ब्रांड्स देशभर में 100 से अधिक स्टोर खोलने की योजना पर काम कर रहे हैं। कंपनी का मानना है कि भारत उसके लिए दीर्घकालिक और महत्वपूर्ण बाजार साबित होगा।
नए स्टोर का उद्घाटन जयपुर के महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह तथा अभिनेत्री शोभिता धूलिपाला की उपस्थिति में किया गया। करीब 1,800 वर्ग फुट में फैला यह फ्लैगशिप स्टोर पैसिफिक मॉल के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित है और यहां ग्राहकों को इटालियन डिजाइन व स्टाइल की विशेष झलक देखने को मिलेगी।
कार्पिसा के सीईओ मॉरीज़ियो कार्लिनो ने कहा कि बेंगलुरु में ब्रांड को मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद कंपनी भारत में तेजी से विस्तार कर रही है। उन्होंने बताया कि कार्पिसा इटली में अपने क्षेत्र का अग्रणी ब्रांड है और भारत में भी मजबूत पहचान बनाने का लक्ष्य रखती है।
अभिनेत्री शोभिता धूलिपाला ने कहा कि कार्पिसा के अनूठे डिजाइन वाले हैंडबैग ग्राहकों को काफी पसंद आ रहे हैं और भारत में ब्रांड की विकास योजनाओं से जुड़कर वह उत्साहित हैं।
निओपोलिस ब्रांड्स के चेयरमैन शैलेश चतुर्वेदी ने कहा कि कार्पिसा का इटालियन डिजाइन, गुणवत्ता और किफायती कीमतें भारतीय ग्राहकों की पसंद के अनुरूप हैं। कंपनी को भारतीय बाजार में इस ब्रांड के लिए व्यापक संभावनाएं दिखाई देती हैं।
गौरतलब है कि कार्पिसा की शुरुआत वर्ष 2001 में इटली में हुई थी। वर्तमान में ब्रांड के 30 देशों में 500 से अधिक स्टोर संचालित हैं। भारत में कंपनी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अपनी मौजूदगी लगातार बढ़ा रही है।