प्यार के इस नए अंदाज़ का ट्रेलर हुआ रिलीज़
मुंबई, दिव्यराष्ट्र/ भारत में सिर्फ विज्ञापनों के सहारे, मुफ़्त में प्रीमियम वीडियो स्ट्रीमिंग सेवाओं की पेशकश करने वाले सबसे बड़े प्लेटफॉर्म, एमेज़ॅन एमएक्स प्लेयर ने आज दर्शकों का इंतज़ार खत्म करते हुए कैम्पस बीट्स रिटर्न्स का ट्रेलर रिलीज़ किया है, जिसे पिछले पाँच सीज़न में लोगों का बेहिसाब प्यार मिला है। बनिजय एशिया द्वारा प्रोड्यूस की गई इस सीरीज़ को पाल्की मल्होत्रा ने लिखा और क्रिएटिवली प्रोड्यूस किया है, जबकि अनिरुद्ध राजदेरकर इसके डायरेक्टर हैं। इसमें शांतनु माहेश्वरी, श्रुति सिन्हा, सहज सिंह चहल, दीपांकना दास, अदनान अहमद जैसे कई जाने-माने कलाकारों ने मुख्य किरदार निभाए हैं, साथ ही पारस कलनावत, चांदनी शर्मा और सुवंश धर जैसे कलाकार भी पहली बार इस फ़्रैंचाइज़ी में अहम किरदारों में नज़र आने वाले हैं। अपने दायरे को बढ़ाने के साथ-साथ जज्बातों को नई ऊँचाइयों पर ले जाते हुए, फ़ैन्स की ये पसंदीदा फ़्रैंचाइज़ी इस बार पहले से कहीं बड़े और दमदार अंदाज़ में वापसी कर रही है। इस बार इस सीरीज़ में दिल, ड्रामा और डांस तो ज्यादा है ही, पर खास बात ये है कि इस बार कहानी सिर्फ आगे नहीं बढ़ती, बल्कि एक नया मोड़ लेती है।
प्यार के नए अंदाज़ के साथ, इस ट्रेलर में ईशान और नेत्रा के सफ़र में जज्बातों से भरे मोड़ की एक झलक देखने को मिलती है। अभी उनके प्यार की शुरुआत होने ही वाली थी कि तकदीर ने सारा खेल बदल दिया। अब नेत्रा अपनी ज़िंदगी की नई शुरुआत करना चाहती है और सुमेर के रूप में उसे एक नया प्यार मिल गया है। ईशान भी उसे वापस लाने की जिद में उसके पीछे जाता है, पर अब ज़िंदगी में नए रिश्ते बनने लगे हैं। और आगे कहानी में जो कुछ भी होता है, वह प्यार, उलझन और बदलते रिश्तों का एक मिला-जुला रूप है, जहाँ बीता हुआ कल पीछा छोड़ने को तैयार नहीं है।
डांस के धमाकेदार मुकाबले, पुरानी दुश्मनी की सुलगती आग, और एक ऐसा रहस्य जो कभी भी सामने आ सकता है, इसलिए ये सीज़न रोमांच बढ़ाने के साथ-साथ अपनी पकड़ और भी मजबूत कर लेता है। राज़ धीरे-धीरे सामने आने लगते हैं, रिश्तों का भरोसा टूटने लगता है और हकीकत धुंधली पड़ने लगती हैं, जिससे ये कहानी रोमांस और सस्पेंस का एक बेहतरीन मेल बन जाती है। इस हंगामे और ज़बरदस्त केमिस्ट्री के बीच, अब सिर्फ एक ही सवाल मायने रखता है: क्या ईशान का प्यार नेत्रा को उसकी ज़िंदगी में वापस लाने के लिए काफ़ी होगा?
इस मौके पर एमेज़ॅन एमएक्स प्लेयर के कंटेंट हेड, अमोघ दुसाद ने कहा,“कैम्पस बीट्स फ्रैंचाइज़ी ने युवाओं के बीच अपनी एक अलग पहचान बनाई है, और यह एमेज़ॅन एमएक्स प्लेयर पर सबसे लंबे समय तक चलने वाली फ्रैंचाइज़ी भी रही है। इस नए चैप्टर के साथ, हमने और भी आगे बढ़कर काम किया है, क्योंकि इसमें हमने दिल को छू लेने वाले जज्बातों, धमाकेदार डांस और दिलचस्प ट्विस्ट को एक साथ प्रस्तुत किया है, जो आज के दर्शकों को बेहद पसंद आते हैं। हमें दर्शकों के सामने इसका नया सीज़न पेश करते हुए बेहद खुशी हो रही है, जिसे वे एमेज़ॅन एमएक्स प्लेयर पर बिल्कुल मुफ़्त में देख सकते हैं।”