बीजीएमआई, डोटा 2, वेलोरेंट समेत कई गेम्स के लिए भारतीय कोच तय
रियाद, दिव्यराष्ट्र: ईस्पोर्ट्स फाउंडेशन ने ईस्पोर्ट्स नेशन्स कप 2026 के लिए 100 से ज्यादा देशों से 700 से अधिक गेम कोचों की नियुक्ति की पुष्टि की है। यह अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट 2 से 29 नवंबर 2026 के बीच रियाद में पहली बार आयोजित होगा। भारत भी इस बार इसमें हिस्सा ले रहा है। देश के लिए नेशनल टीम पार्टनर बनी नॉडविन गेमिंग ने अलग-अलग गेम्स के लिए अपने कोचों की टीम घोषित कर दी है। इससे भारतीय टीमों के चयन और तैयारी की प्रक्रिया अब तेज हो गई है।
नॉडविन गेमिंग अब भारत की टीम बनाने, नए खिलाड़ियों को मौका देने और प्रोफेशनल स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी। कंपनी गेम पब्लिशर्स, क्लब्स और ईस्पोर्ट्स से जुड़े अन्य पक्षों के साथ मिलकर भारतीय खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का रास्ता तैयार करेगी।
कोचिंग टीम की बात करें तो डोटा 2 के लिए मोइन एजाज (एनओ चांस 3) को जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास 10 साल से ज्यादा का अनुभव है और वे 2022 कॉमनवेल्थ ईस्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भारत को कांस्य पदक दिला चुके हैं। बीजीएमआई के लिए राहुल (अयोगी) को कोच बनाया गया है, जिन्होंने ब्लाइंड ईस्पोर्ट्स और टीम सोल जैसी टीमों को कई बड़े खिताब दिलाए हैं।
वेलोरेंट के लिए अभिषेक बजाज (गॉडस्पीड एक्सडी) कोच होंगे, जबकि लीग ऑफ लीजेंड्स में पंकज उपाध्याय (काका) टीम को संभालेंगे, जिन्हें भारत के टॉप खिलाड़ियों में गिना जाता है।
मोबा लीजेंड्स 5 बनाम 5 के लिए फिलीपींस के स्टीव विटुग (डेल) को शामिल किया गया है। पबजी बैटलग्राउंड्स में प्रतीक मेहरा (औरम) को जिम्मेदारी दी गई है।
रेनबो सिक्स सीज के लिए आश्रित गोयल (नोटी आश्रित बी), रॉकेट लीग के लिए निर्झर मित्रा (जोक्से) और ऑनर ऑफ किंग्स के लिए इंडोनेशिया के ग्रेडियानो वालेंडी (रिनक्यूटी) को कोच बनाया गया है।
इन नियुक्तियों के साथ भारत की ईस्पोर्ट्स टीम अब दुनिया के मंच पर उतरने की तैयारी में तेजी से आगे बढ़ रही है।