
जयपुर, दिव्यराष्ट्र:/ जयपुर के ज्योति मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट एवं लाड़ली गौशाला, दौसा के संयुक्त तत्वावधान में नंदी जी एवं राष्ट्रीय गौधन-सेवा सम्मान समारोह–2026 का पिंजरापोल गौशाला स्थित सुरभि सदन में भव्य आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि निर्मलानंद जत्ती महाराज रहे तथा अध्यक्षता देवेन्द्र मोहन माथुर ने की। विशिष्ट अतिथियों में गोपाल शरण महाराज, पुष्कर के संत एवं गौपालक पुरुषोत्तम गौर जी महाराज तथा अटल सेना राष्ट्रवादी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु सिंह जादौन सहित अनेक संत-महात्मा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
संस्था के मुख्य सचिव डॉ. रोहित सक्सेना ने अतिथियों के साथ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संस्था के संस्थापक अध्यक्ष प्रेम प्रकाश शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए ट्रस्ट की सामाजिक एवं गौ-सेवा गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि निर्मलानंद जत्ती महाराज ने गौ माता के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए गौ-सेवा एवं गौ-संरक्षण के लिए समाज को आगे आने का आह्वान किया। समारोह में गौ-सेवा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 51 गौ सेवकों एवं सेवाभावी व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा। समापन पर संस्था की ओर से सभी अतिथियों, सम्मानित व्यक्तियों, कलाकारों, विद्यार्थियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।






