
जीत यूनिवर्स एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास द्वारा राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित
जोधपुर, 8 सितंबर। जीत यूनिवर्स, जोधपुर तथा शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, जोधपुर के संयुक्त प्रावधान में “राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020— स्वर्णिम भारत की ओर बढ़ते कदम” विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, जोधपुर के जिला संयोजक विष्णु दत्त शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय संगोष्ठी में मुख्य वक्ता प्रसिद्ध शिक्षाविद एवं न्यास के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अतुल कोठारी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के महत्व एवं क्रियान्वयन की दिशा पर प्रकाश डाला। उन्होंने वैदिक गणित की आधुनिक समय में उपयोगिता बताई।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री पाना नहीं, बल्कि समग्र व्यक्तित्व विकास होना है। उन्होंने मातृभाषा में शिक्षा देने और भारतीय ज्ञान परंपरा को पाठ्यक्रम में शामिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया। भारतीय विश्वविद्यालय संघ की महासचिव डॉ. पंकज मित्तल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने मातृभाषा में हस्ताक्षर करने, अनुसंधान में नवाचार पर जोर दिया। छात्रों को उनकी जिज्ञासा को जीवन पर्यंत जिंदा रखने का आग्रह किया।
विशिष्ट अतिथि भारत विकास परिषद के संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के स्वर्णिम इतिहास को आजादी के बाद में सही तरीके से नहीं बताया गया और भारत के महापुरुषों की जीवनी का वर्णन भी सही ढंग से नहीं किया गया उसके कारण नई पीढ़ी अपने राष्ट्रीय गौरव से अनभिज्ञ रही, राष्ट्रीय शिक्षा नीति का पूर्ण क्रियान्वयन नई पीढ़ी को आत्मविश्वास और राष्ट्रीय गौरव का आभास करवाएगा।
इससे पूर्व कार्यक्रम के प्रारम्भ में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के प्रांत संयोजक संदीप जोशी ने वैदिक काल से लेकर इस्लामी आक्रमण के दौर में भारतीय शिक्षा, अंग्रेजों के दौर में शिक्षा एवं स्वतंत्र भारत में शिक्षा के विकास पर प्रकाश डाला। जोशी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के निर्माण में न्यास की भूमिका को समझाते हुए न्यास द्वारा शिक्षा में सार्थक परिवर्तन के लिए किए जा रहे कार्यों को स्पष्ट किया।
कार्यक्रम के अन्त में अरुण शांति एजुकेशन ट्रस्ट, जोधपुर के मैनेजिंग ट्रस्टी शशिकांत सिंघी ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन नटवर नांगल द्वारा किया गया। संगोष्ठी में न्यास के प्रांत सह संयोजक आईदान सिंह मालूंगा, दीपिका शर्मा, जोगेंद्र गौड़, जीत यूनिवर्स के निदेशक प्रो. अवनीश बोड़ा, रजिस्ट्रार डॉ. मनीष बाफना, पर्यावरण कार्यकर्ता सुभाष गहलोत, उत्कर्ष के हितेश व्यास, धीरेश व्यास, ओमप्रकाश विश्नोई, एडवोकेट निहार जैन, सरकारी अधिवक्ता नंदकिशोर मेहता समेत जीत यूनिवर्स के स्टाफ सदस्य सहित कई गणमान्य व्यक्ति एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।