नई दिल्ली: जापान इंटरनेशनल कॉपरेशन एजेंसी (जाएका) ने राजस्थान में जलवायु परिवर्तन प्रतिक्रियाओं तथा पारिस्थितिकी सेवाओं में बढ़ोतरी संबंधी परियोजना के लिए 26,133 मिलियन येन (लगभग 1,473 करोड़ रु) का ओडीए (आधिकारिक विकास सहायता) ऋण प्रदान करने संबंधी समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह परियोजना, वानिकी, वन संरक्षण, जैव विविधता संरक्षण, पारिस्थतिकी पुनर्स्थापना और आजीविका संबंधी गतिविधियों में सुधार तथा राजस्थान वन विभाग को संस्थागत रूप से मजबूती देते हुए जलवायु परिवर्तन को लेकर रिस्पॉन्स एवं इकोसिस्टम सेवाओं में बढ़ोतरी पर जोर देगी। इस पहल से राजस्थान में सतत (सस्टेनेबल) सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान मिलेगा।
इस परियोजना के लिए, श्री विकास शील,अतिरिक्त सचिव,आर्थिक मामलों का विभाग, वित्त मंत्रालय एवं श्री साइतो मित्सुनोरी,प्रमुख प्रतिनिधि,जाएकाइंडिया ने ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए।
इस अवसर पर,श्री साइतो मित्सुनोरी, प्रमुख प्रतिनिधि, जाएका इंडिया ने कहा, “जाएगा 1991 से अब तक राजस्थान में 5 वानिकी परियोजनाओं को समर्थन दे चुकी है और मुझे खुशी है कि हम इस नई परियोजना को शुरू कर रहे हैं जो राज्य में जलवायु परिवर्तन से निपटने के उपायों के साथ-साथ पारिस्थितिकी सेवाओं एवं रेत के धारों को स्थिर बनाने में योगदान करेगी। परियोजना के अंतर्गत वानिकी गतिविधियों का दायरा बढ़ाकर हर साल लगभग 76,000 टन CO2के अवशोषण का अनुमान है। इसके अलावा, इस नई परियोजना के अंतर्गत, जाएका और राजस्थान वन विभाग मिलकर 2024 में कार्बन स्टॉक समेत वन प्रबंधन संबंधी आंकड़ों को एकीकृत करने की पायलट परियोजना शुरू करने पर भी विचार कर रहे हैं। इस पहल से कार्बन क्रेडिट तैयार करने का आसान और सुगम रास्ता तैयार हो सकेगा। हमें उम्मीद है कि इस सहायता के जरिए हम भारत में सस्टेनेबल विकास में योगदान करने के साथ-साथ 2070 तक नेट-जीरो तक पहुंचने के राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (एनडीसी) लक्ष्यों को साकार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”
इस परियोजना से 43,436 हेक्टेयर क्षेत्र में वानिकी को बढ़ावा देने, 15 मिलियन मानव-दिवसों के रोजगार अवसरों को तैयार करने तथा क्षमता निर्माण एवं आजीविका बढ़ाने जैसी गतिविधियों के जरिए 2 लाख से अधिक प्रत्यक्ष लाभान्वितों को लाभ मिलेगा। इसके अलावा, परियोजना के अंतर्गत लैंगिक सशक्तिकरण पर भी जोर दिया जाएगा और इसमें कम से कम 33%महिलाओं की भागीदारी होगी।
यह गणना मौजूदा एक्सचेंज रेट के हिसाब से की गई है: INR 1/- = 1.7743700/-जापानी येन