मुंबई, दिव्यराष्ट्र/ विश्व जल दिवस के मौके पर हिंदूजा समूह की परोपकारी शाखा हिंदूजा फाउंडेशन ने घोषणा की कि उसके समग्र जल सुरक्षा कार्यक्रम ‘जल जीवन’ ने राजस्थान के 197 गांवों में लगभग 3 लाख लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। यह पहल अलवर, अजमेर, हिण्डौन–करौली, बाप–फलोदी, जैतारण और रायपुर जिलों में संचालित हो रही है, जहां समुदाय-आधारित जल संरक्षण प्रयासों का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं।
हिंदूजा फाउंडेशन के सीईओ, श्री रमन कल्याणकृष्णन ने कहा, “ पहले कई गांवों में महिलाएं रोजाना घंटों पानी लाने में बिताती थीं। आज बेहतर पहुंच से उनका समय बच रहा है, आजीविका को समर्थन मिल रहा है और गरिमा व आत्मनिर्भरता मजबूत हो रही है। सुजल सहेली मॉडल सामुदायिक जल सुरक्षा का एक विस्तार योग्य और टिकाऊ मॉडल बनकर उभरा है।”
इस पहल के केंद्र में ‘सुजल सहेली’ मॉडल है, जिसके अंतर्गत लगभग 1,500 प्रशिक्षित स्थानीय महिला नेतृत्वकर्ता जागरूकता बढ़ाने, जल संसाधनों के प्रबंधन और समुदाय को टिकाऊ प्रथाओं को अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। इस कार्यक्रम के तहत छतों पर वर्षा जल संचयन प्रणाली, गांवों में तालाब, चेक डैम, सामुदायिक जल भंडारण संरचनाएं और सौर ऊर्जा से संचालित पेयजल प्रणालियां स्थापित की गई हैं।




