
• नई ‘250सीसी – ग्रुप ‘ए’ सिर्फ विदेशी बाइक’ – इंडियन फ्यूचर्स श्रेणी के साथ भारतीय राइडरों की भागीदारी मज़बूत हुई है, जो घरेलू प्रतिभाओं के लिए विशेष मंच प्रदान करेगी।
• पुणे, दिव्यराष्ट्र: विश्व की पहली फ्रैंचाइज़ी आधारित सुपरक्रॉस लीग, इंडियन सुपरक्रॉस रेसिंग लीग (आईएसआरएल) ने सीज़न-3 के लिए राइडरों के पंजीकरण प्रक्रिया आधिकारिक तौर पर बंद कर दी है। इसमें चार रेसिंग श्रेणी में 21 देशों के 146 एथलीट शामिल हुए। इन प्रतिस्पर्धाओं में मशहूर अंतरराष्ट्रीय दावेदार और भारत के प्रमुख सुपरक्रॉस राइडर साथ भाग लेंगे, जिससे मुकाबले का स्तर बढ़ेगा और भारत में सुपरक्रॉस के विकास के लिए शानदार मंच तैयार होगा। नई शुरू की गई ‘250सीसी – ग्रुप ‘ए’ सिर्फ विदेशी बाइक’ – इंडियन फ्यूचर्स श्रेणी और 250सीसी इंडिया एशिया मिक्स श्रेणी में भारत से 30 पंजीकरण हुए हैं।
अंतरराष्ट्रीय राइडरों के समूह में फ्रांस सबसे आगे है (32 पंजीकरण), उसके बाद ऑस्ट्रेलिया (20) और अमेरिका(18) का स्थान है। इसके अलावा इंडोनेशिया, थाईलैंड, जर्मनी, स्पेन, स्विट्ज़रलैंड, इटली, जापान, कनाडा, दक्षिण अफ्रीका, चेक गणराज्य, स्वीडन, जिम्बाब्वे, श्रीलंका और मंगोलिया के एथलीट भागीदारी कर रहे हैं। पंजीकरण के आंकड़े से चैंपियनशिप के बढ़ते विविधतापूर्ण और प्रतिस्पर्धी स्वरूप ज़ाहिर होता है, जैसे 450सीसी अंतरराष्ट्रीय श्रेणी में 40 राइडर, 250सीसी अंतरराष्ट्रीय श्रेणी में 54 राइडर और 250सीसी इंडिया एशिया मिक्स श्रेणी में 26 राइडर शामिल हैं।
सीज़न-3 के राइडरों के समूह में इस खेल से जुड़े कुछ सबसे मशहूर हस्तियां शामिल हैं। 450सीसी अंतरराष्ट्रीय श्रेणी में सीज़न-2 के चैंपियन मैट मॉस, जॉर्डी टिक्सियर, जॉन शॉर्ट, एंथनी बॉर्डन, ग्रेगरी अरंडा, रायन ब्रीस, लूक क्लाउट और एंथनी रोड्रिग्ज़ शामिल हैं, जबकि 250सीसी अंतरराष्ट्रीय वर्ग में रीड टेलर, केल्विन फोंविएल, जस्टिन रॉडबेल और निको कोच शामिल हैं। 250सीसी इंडिया एशिया मिक्स श्रेणी में वितसरुत सलांगम, थनारत पेनजन, एथिसन रुआड्रेओ, नाकामी विडी मकारिम, बेन हॉलग्रेन और मुहम्मद अतहर अलगिफारी जैसे राइडर इस अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा को और भी रोमांचक बनाएंगे।
भारत का प्रतिनिधित्व देश के कुछ सबसे बेहतरीन सुपरक्रॉस राइडर करेंगे, जिनमें ऋग्वेद बरगुजे, प्रज्वल विश्वनाथ, श्लोक घोरपड़े और इक्षण शानबाग शामिल हैं। दुनिया भर के अलग-अलग देशों के राइडरों के साथ इनकी उपस्थिति से ज़बरदस्त रेसिंग देखने को मिलेगी और भारतीय प्रतिभा को अपने ही देश में बेहतरीन अंतरराष्ट्रीय राइडरों के साथ मुकाबला करने का एक और अवसर मिलेगा।
इंडियन सुपरक्रॉस रेसिंग लीग के सह-संथापक और निदेशक ईशान लोखंडे ने राइडरों के पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के संबंध में कहा, “इस साल के पंजीकरण का महत्व इस बात तक सीमित नहीं है कि कितने राइडरों या कितने देशों ने भागीदारी की इच्छा जताई है। बल्कि, दरअसल जब स्थापित सुपरक्रॉस बाज़ार के बेहतरीन राइडर भारत में रेस करने का फैसला करते हैं, तो इससे हमारे खेल के मानकों और इस परितंत्र की दिशा में बढ़ते भरोसा रेखांकित होता है। इसके अलावा, इंडियन फ्यूचर्स श्रेणी भारतीय राइडरों के लिए व्यवस्थित मार्ग तैयार के हमारे दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण अंग है, और इस श्रेणी में भी लोगों की भागीदारी बेहद उत्साहजनक रही है। लीग के विस्तार के साथ-साथ हम ऐसे पेशेवर परितंत्र का निर्माण करने पर ध्यान दे रहे हैं जो विश्व स्तरीय प्रतिभा को आकर्षित करे और भारतीय राइडरों को अपनी क्षमता साबित करने का मंच प्रदान करे।”
आईएसआरएल सीज़न-2 के चैंपियन मैट मॉस ने कहा, “आईएसआरएल चैंपियनशिप निरंतर जीतना बेहद रोमांचक अनुभव रहा। हर सीज़न में स्तर बढ़ता जाता है, मुकाबला कड़ा होता जाता है, और हर जीत के लिए खूब मेहनत करनी पड़ती है। भारत में खेल प्रेमियों ने सुपरक्रॉस को पसंद किया है और वे जो माहौल बनाते हैं, उससे हर राइडर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होता है। मैं अब, दो सफल सीज़न के बाद भी, मुकाबला करने के लिए उत्साहित हूं और सीज़न-3 में एक और चैंपियनशिप जीतने पर ध्यान एकाग्र कर रहा हूं।”
लीग, अब राइडरों के पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगामी राइडर नीलामी पर ध्यान दे रही है, जहां विभिन्न फ्रेंचाइज़ी पंजीकृत प्रतिस्पर्धियों के अंतिम समूह से सीज़न-3 के लिए अपनी टीमें चुनेंगी। शुरुआती दौर की शानदार तैयारी के बीच, यह लीग कैलेंडर का अगला महत्वपूर्ण पड़ाव होगा, जिससे टीमों का गठन होगा और आने वाले सीज़न के लिए मुकाबले के स्वरूप के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।






