संगम विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय ‘दीक्षारंभ-2026’ का शुभारंभ, नवप्रवेशित विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र।।
भीलवाड़ा, दिव्यराष्ट्र:/ संगम विश्वविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उनके उज्ज्वल भविष्य की नई शुरुआत के लिए आयोजित तीन दिवसीय ‘दीक्षारंभ-2026’ (फ्रेशर्स ओरिएंटेशन कार्यक्रम) का शुभारंभ गुरुवार को टाउन हॉल, भीलवाड़ा में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण के बीच हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलगीत एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के साथ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संगम समूह के चेयरमैन रामपाल सोनी, वाइस चेयरमैन डॉ. एस.एन. मोदानी, मैनेजिंग डायरेक्टर अनुराग सोनी, संगम विश्वविद्यालय की बोर्ड सदस्य पलक मोदानी, कुलपति प्रो. (डॉ.) करुणेश सक्सेना, रजिस्ट्रार डॉ. आलोक कुमार तथा विश्वविद्यालय के एलुमनाई रोहित शर्मा सहित विश्वविद्यालय परिवार के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
अपने स्वागत उद्बोधन में कुलपति प्रो. (डॉ.) करुणेश सक्सेना ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, आधुनिक सुविधाओं, उत्कृष्ट प्लेसमेंट एवं विद्यार्थी-केंद्रित वातावरण की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि “व्यक्ति की अर्निंग उसकी लर्निंग में निहित होती है।” प्रेरणादायी वीडियो के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, स्वयं को विकसित करने तथा विश्वविद्यालय में उपलब्ध सभी संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर जीवन में सफलता प्राप्त करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।
संगम समूह के वाइस चेयरमैन डॉ. एस.एन. मोदानी ने विद्यार्थियों को जीवन में सदैव अच्छे कर्म करने का संदेश देते हुए श्रीमद्भगवद्गीता के ज्ञान का सार सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने कहा कि संस्कार, नैतिकता और सकारात्मक कर्म ही व्यक्ति को वास्तविक सफलता की ओर ले जाते हैं।
मुख्य अतिथि संगम समूह के चेयरमैन श्री रामपाल सोनी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि समय की मांग के अनुसार स्वयं को निरंतर अपडेट रखना ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नई तकनीकों को अपनाने, अपने कम्फर्ट ज़ोन से बाहर निकलने, सकारात्मक सोच रखने तथा जीवन में मेंटल फिटनेस प्लान विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “हर सुबह एक नया अवसर लेकर आती है। अपनी सोच को बड़ा रखें, स्वयं पर विश्वास रखें और लगातार सीखते रहें।”
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र रोहित शर्मा को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने पर “कॉरपोरेट आइकन फॉर यूथ अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। वहीं, विश्वविद्यालय के डॉ. लोकेश त्रिपाठी, डॉ. विकास सोमानी एवं डॉ. शादाब हुसैन को उनकी विशेष उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दूसरे सत्र में सीनियर विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें डांस, रॉक बैंड एवं संगीत की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। फ्रेशर्स ने भी अपने अनुभव साझा किए और संवाद किया।
एडमिशन हेड डॉ. अमित जैन ने आगामी दो दिनों के ओरिएंटेशन कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में रजिस्ट्रार डॉ. आलोक कुमार ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ. अनुराग शर्मा ने किया।
कार्यक्रम में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के साथ सभी डीन, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य, स्टाफ, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. लोकेश त्रिपाठी, डॉ. विकास सोमानी, लेफ्टिनेंट राजकुमार जैन, डॉ. श्वेता बोहरा, डॉ. पूनम चौहान, डॉ. एस.एस. लाखावत, अरविंद दाधीच, कन्हैया लाल सोनी, अक्षय शर्मा, डॉ. संदीप चौरसिया, महावीर पारीक ,एडमिन हरीश शर्मा सहित मार्केटिंग टीम एवं विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा