35 प्रतिभागियों ने समसामयिक मुद्दों पर रखे विचार
नीमकाथाना, दिव्यराष्ट्र:/ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में नीमकाथाना नगर में युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड संघचालक गजानंद एवं प्रांत व्यवस्था प्रमुख कैलाश गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया।
युवा संसद में 35 प्रतिभागियों ने सत्ता पक्ष, विपक्ष और लोकसभा अध्यक्ष सहित विभिन्न संसदीय भूमिकाओं का प्रभावी निर्वहन किया। अविनाश ने प्रधानमंत्री, पूरण ने लोकसभा अध्यक्ष तथा चंदन प्रकाश ने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन सारिका यादव ने किया।
प्रश्नकाल के दौरान प्रतिभागियों ने पेपर लीक, बेरोजगारी, सड़क दुर्घटनाएं, वायु प्रदूषण, अग्निवीर योजना, महंगी होती शिक्षा, महिला सशक्तिकरण तथा किसानों से जुड़े मुद्दों पर प्रश्न उठाए। सत्ता पक्ष की ओर से प्रधानमंत्री एवं विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों की भूमिका निभा रहे प्रतिभागियों ने विपक्ष के सवालों के जवाब प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में नीमकाथाना नगर के करीब 200 प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।
युवा संसद के उपरांत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक चैतन्य प्रकाश ने “विचार सनातन का” विषय पर बौद्धिक दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा स्वयं से यह प्रश्न करे— “हम कौन थे, हम क्या हैं और हमें क्या बनना है?” यही आत्मचिंतन राष्ट्र निर्माण का आधार है। उन्होंने चरित्र, अनुशासन, सेवा और राष्ट्रभक्ति को युवा जीवन का आधार बताते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर युवाओं एवं प्रबुद्ध जनों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा राष्ट्र, समाज और सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।