
आईआईएफएल फाउंडेशन ने यातायात पुलिस को दिए 10 आधुनिक बैरिकेड्स, एलईडी डिस्प्ले से मिलेगा सड़क सुरक्षा का संदेश
दिव्य राष्ट्र, जयपुर, 24 अक्टूबर। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए आईआईएफएल फाउंडेशन ने उदयपुर यातायात पुलिस को 10 आधुनिक सोलर बैरिकेड्स उपलब्ध कराए हैं। जयपुर के बाद उदयपुर राजस्थान का दूसरा शहर है, जहां फाउंडेशन ने यातायात पुलिस को सौर ऊर्जा से संचालित बैरिकेड्स दिए हैं। इस अवसर पर फाउंडेशन की निदेशक, मधु जैन, पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। गौरतलब है कि तुषार भार्गव और उमंग भार्गव की कंपनी पैन इंडिया मीडिया सलूशन इन बेरिकैड के निर्माता है। इन बैरिकेड्स में एलईडी डिस्प्ले, फ्लैश लाइट्स, रिफ्लेक्टिव सेफ्टी फीचर्स और चार्जिंग पोर्ट जैसी सुविधाएं हैं। सोलर ऊर्जा से संचालित होने वाले ये बैरिकेड्स रात के समय वाहनों को दूर से दिखाई देंगे, जिससे यातायात नियंत्रण और सड़क सुरक्षा में मदद मिलेगी। एलईडी डिस्प्ले के जरिए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, गति सीमा का पालन करने और यातायात नियमों से जुड़े जागरूकता संदेश भी प्रदर्शित किए जा सकेंगे।
फाउंडेशन इससे पहले उदयपुर यातायात पुलिस को 100 फोल्डिंग बैरिकेड्स, 100 फिक्स्ड बैरिकेड्स, 100 ट्रैफिक कोन और 910 हेलमेट उपलब्ध करा चुका है। वहीं, मई 2026 में जयपुर यातायात पुलिस को 90 सामान्य और 10 सोलर बैरिकेड्स दिए गए थे।नए बैरिकेड्स से शहर में भीड़ नियंत्रण, विशेष आयोजनों और रात के समय यातायात व्यवस्था संभालने में पुलिस को मदद मिलेगी। यह पहल यातायात पुलिस को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ ही वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।





