नई दिल्ली, दिव्यराष्ट्र /वॉलमार्ट ने इंडिया ग्रोथ समिट 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। यह सम्मेलन भारतीय कंपनियों को घरेलू एवं वैश्विक स्तर पर विस्तार करने में सक्षम बनाने के लिए आयोजित किया जा रहा है। 7 मई, 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में सम्मेलन के दूसरे संस्करण का आयोजन होगा, जिसमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), डिजिटल-फर्स्ट ब्रांड्स, डायरेक्ट-टू-कंज्यूमर (डी2सी) सेलर्स और इनोवेटिव सप्लाई चेन कंपनियां एक मंच पर आएंगी और वॉलमार्ट के साथ मिलकर वैश्विक व्यापार में अपने लिए नए अवसर तलाशेंगी।
वॉलमार्ट मार्केटप्लेस से जुड़ने और अंतरराष्ट्रीय ई-कॉमर्स में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की इच्छा रखने वाली भारतीय कंपनियां 23 अप्रैल, 2026 तक रजिस्ट्रेशन करा सकेंगी। यह सम्मेलन मेक इन इंडिया पहल के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य होम टेक्सटाइल्स, कंज्यूमेबल्स, हेल्थ एवं वेलनेस, फूड, जनरल मर्चेंडाइज, ज्वेलरी, अपैरल, जूते खिलौने एवं स्टेशनरी जैसी प्रमुख कैटेगरी में निर्यात को बढ़ावा देना है।
वॉलमार्ट मार्केटप्लेस के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मनीष जोनेजा ने कहा, ‘वॉलमार्ट में हम कंपनियों को वैश्विक स्तर पर विकास करने में मदद देने के लिए उत्साहित हैं। इंडिया ग्रोथ समिट 2026 से इनोवेशन और सप्लायर्स एवं सेलर्स को वैश्विक बाजार में बढ़ने में मदद को लेकर हमारी प्रतिबद्धता दिखती है। हम कारोबार बढ़ाने और वैश्विक ग्राहकों तक पहुंचने के सफर में भारतीय उद्यमियों के साथ काम करने के लिए उत्साहित हैं।’
2019 में अपनी लॉन्चिंग के बाद से वॉलमार्ट वृद्धि सप्लायर डेवलपमेंट प्रोग्राम ने भारत में 70,000 से ज्यादा एमएसएमई को प्रशिक्षित किया है। 2028 तक 1,00,000 एमएसएमई को प्रशिक्षित करने की योजना के साथ यह प्रोग्राम लगातार ऐसे संसाधन एवं प्रशिक्षण प्रदान कर रहा है, जिससे कंपनियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों समेत अपनी पहुंच को विस्तार देने में मदद मिले। फ्लिपकार्ट पर 14 लाख से ज्यादा सेलर्स के साथ यह सम्मेलन उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय कारोबार के अवसरों को देखने का एक नजरिया भी देगा। साथ ही योग्य एमएसएमई को वैश्विक बाजार में कदम रखने और विकास के लिए जरूरी रास्ता बनाने में मदद करेगा।





