– राजस्थान से भी बड़ी संख्या में विप्रजन अयोध्या पहुंचेंगे
– परशुराम कुंड स्थापित होगी श्रीराम ध्वजा
– 24 दिसंबर को होगा यात्रा का समापन
जयपुर, दिव्यराष्ट्र: विप्र फाउंडेशन की ओर से 4 दिसंबर से प्रारंभ होने वाली अयोध्या से अरुणाचल श्रीराम ध्वजा रथ यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में राजस्थान से भी बड़ी संख्या में विप्र बंधु अयोध्या पहुंचेंगे। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से यात्रा को श्रीराम ध्वजा एवं सरयू जल का कलश सौंपकर रवाना किया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट के महासचिव गोविंद गिरिजी महाराज यह ध्वजा एवं कलश यात्रा के प्रतिनिधियों को प्रदान करेंगे।
यात्रा समन्वयक एवं विप्र फाउंडेशन के प्रमुख राष्ट्रीय महामंत्री पवन पारीक ने बताया कि यात्रा के शुभारंभ से पूर्व 4 दिसंबर को प्रातः 10 बजे अयोध्या स्थित श्री हनुमंत कथा मंडपम, हनुमानगढ़ी में विधि-विधान से पूजा-अर्चना, हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान होंगे। इसके पश्चात समारोह, महाप्रसाद, सरयू जल कलश पूजन तथा श्रीराम ध्वज ग्रहण का कार्यक्रम होगा। इन आयोजनों के बाद अपराह्न करीब 4 बजे रथ यात्रा अरुणाचल के लिए प्रस्थान करेगी। 24 दिसंबर को यात्रा समापन पर परशुराम कुंड में सरयूजी के जल को प्रवाहित किया जाएगा तथा श्री राम ध्वजा को स्थापित किया जाएगा। यह यात्रा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम होते हुए अरुणाचल स्थित परशुराम कुंड पहुंचेगी।